राज्य सूचना आयुक्त श्री सुभाष चन्द्र सिंह ने आज नगर निगम के सभागार में जन सूचना के अधिकार से संबंधित विभिन्न 41 मामलों की जन सुनवाई की। जन सुनवाई में 31 जन सूचना अधिकार के प्रकरण निस्तारित किये गये तथा 09 प्रकरणों में आगामी माह सितम्बर, 2021 में तिथि निर्धारित की गयी तथा एक प्रकरण में माह नवम्बर, 2021 में तिथि निर्धारित की गयी। यह प्रकरण राज्य सूचना आयुक्त मुख्यालय, लखनऊ में सुने जायेंगे। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय जन सूचना अधिकार के अन्तर्गत जनसुनवाई नगर निगम में आयोजित की गयी थी कि वादियो को लखनऊ न जाकर यहीं पर उनके प्रकरणों की वादी व प्रतिवादी की आमने सामने उपस्थिति में आर0टी0आई0 के अन्तर्गत विचार विमर्श कर प्रकरणों का निस्तारण शीघ्र किया जा सके। आज जन सुनवाई में 20 वादी उपस्थित हुये।
जन सुनवाई में मा0 राज्य सुचना आयुक्त ने नगर निगम के एक कर्मचारी द्वारा अपनी सेवा पुस्तिका की प्रमाणित प्रति की मांग गयी थी, जिसकी सूचना काफी समय व्यतीत हो जाने पर भी प्राप्त न होने पर तथा प्रथम,द्वितीय अपील की गयी। इस प्रकरण में उन्होंने सुनवाई करते हुये 10 दिन के अन्दर संबंधित कर्मचारी को सेवा पुस्तिका की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराये जाने के नगर निगम के संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये, जिस पर वादी द्वारा राहत महसूस की गयी। जन सुनवाई में दिनेश चन्द्र गुप्ता वादी ने नगर निगम के क्षेत्र में उसके मकान के आसपास मकानों के लोगोे द्वारा अतिक्रमण कर उसके मकान का रास्ता बाधित होने पर ऐसे मकानों को चिन्हित कर जानकारी मांगने पर व अतिक्रमण हटाने हेतु कार्यवाही किये जाने के संबंध में जानकारी मांगी, जिस पर मा0 राज्य सूचना आयुक्त ने एक माह के अन्दर पूर्ण जानकारी के साथ वादी को सूचना उपलब्ध कराये जाने तथा रास्ते का अतिक्रमण हटाये जाने के संबंध में कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।
जन सूचना के अधिकार की जन सुनवाई के अन्तर्गत विश्वनाथ गुप्ता वादी द्वारा एक मकान में उसके किरायेदारी पर होंने तथा उस मकान की छत पर एकत्र मलवा को हटाये जाने के संबंध में कार्यवाही किये जाने के प्रकरण को सुनते हुये उन्होंने वादी द्वारा इस मामले में कोई लोकहित का कार्य समाहित न होने पर तथा यह कार्य व्यक्तिगत समस्या होने पर इस प्रकरण को खारिज किया गया। उन्होंने इस जन सुनवाई में जो वादी नही उपस्थित हुये तथा उन्होंने अपने ना आने कारण नही बताया है, ऐसे प्रकरणों को भी सुनते हुये उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्धारित समय के अन्तर्गत जन सूचना से संबंधित सूचना वादी को उपलब्ध कराये जाने के निर्देश संबंधित नगर निगम के अधिकारियों को दिये।
जन सूचना अधिकार की जन सुनवाई में अपर नगर आयुक्त श्रीमती रोली गुप्ता, अपर नगर आयुक्त श्री अरबिन्द राय, सहायक नगर आयुक्त पूजा त्रिपाठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित जन सूचना अधिकारी उपस्थित रहे।

2021-08-10
