कानपुर। नगर निगम कानपुर प्रतिबंधित प्लास्टिक को लगातार पकड़ रहा है। रामादेवी फ्लाई ओवर पर नाका लगाकर प्लास्टिक ग्लास और कटोरी लदी दो गाड़ी पकड़ी। दोनों गाड़ियों से कुल 870 किलो प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई।प्रवर्तन अधिकारी कर्नल आलोक नारायण के नेतृत्व में प्रवर्तन दल द्वारा रामादेवी फ्लाईओवर पर नाका लगाया गया। इस दौरान एक टाटा लोडर पकड़ा गया जो 540 किलो प्लास्टिक ग्लास ले जा रहा था। साथ ही एक मारुति पिकअप भी पकड़ा गया जो 270 किलो प्लास्टिक ग्लास और 60 किलो प्लास्टिक कटोरी के 74 कार्टन ले जा रहा था। यह दोनों गाडियां मोती मोहाल स्थित सारस्वत पेपर मार्ट के गोदाम से विजय ट्रेडर्स कौशांबी जा रही थीं।दोनो गाड़ियों को तत्काल नगर निगम लाया गया और दोनों से कुल 870 किलो प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई जिसको सुबह कंपैक्टर गाड़ी से नष्ट कर पनकी कूड़ा प्लांट भिजवा दिया गया। राजस्व निरीक्षक शेख नफीस और विकास कुमार द्वारा प्रति गाड़ी पचास हजार के हिसाब से कुल एक लाख जुर्माना वसूला गया। अभियान में प्रवर्तन दल के सूबेदार अवधेश सिंह, लक्ष्मण सिंह, वीरेंद्र स्वरूप, रामेंद्र सिंह, हवलदार इंद्रजीत, धनंजय, भूपेंद्र सिंह, जितेंद्र बहादुर, मोहित बेलदार इत्यादि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *