कानपुर में कन्वेंशन सेंटर के लिए आए ट्रांसफार्मर से 14 लाख का तेल और कापर वायर हुआ चोरी
कानपुर: कर्नलगंज थाने के बगल में निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोरों ने यहां थाने के ठीक पीछे रखे पांच सील पैक – नए ट्रांसफार्मरों में तीन से तेल व कापर वायर चोरी कर लिया है।
मंगलवार को जब इसकी सूचना लगी तो केस्को अधिकारी पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने अभी इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पुलिस ने मामला सरकारी होने की वजह से मुकदमा दर्ज कराने से पहले विभागीय जांच मांगी है। इस वारदात के बाद निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर में सुरक्षा में कमी व जिम्मेदारों की लापरवाही साफ नजर आई है।
थाने के ठीक पीछे खाली पड़ी जमीन में किया जा रहा है कनवेक्शन सेंटर का निर्माण। स्मार्ट सिटी की बेहद महत्वाकांक्षी यह योजना पुरातत्व विभाग की एक एनओसी की वजह से करीब छह महीने से बंद पड़ी है।
लगभग इतने समय पहले ही केस्को ने कन्वेंशन सेंटर में बिजली उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए पांच 400 केवी के ट्रांसफार्मर लाकर यहां रखे गए थे। ट्रांसफार्मरों को थाने पीछे रखा गया था। मंगलवार को केस्को अधिकारियों को सूचना मिली कि ट्रांसफार्मर खुले पड़े हैं। एजीएम बिजली घर अरुण कुमार मौके पर पहुंचे तो सामने आया कि पांच में से तीन ट्रांसफार्मरों के अंदर का सारा सामान जैसे कापर की राड व तेल चोर चोरी कर ले गए हैं।केस्को के मीडिया प्रभारी ने बताया की पुलिस को कई बार सूचित किया गया तहरीर के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि केस्को के इंजीनियर तहरीर लेकर आए थे मुकदमा लिखने का आदेश किया गया है पहले मामले में विभागीय जांच करने और इसके बाद जांच रिपोर्ट के साथ तहरीर लेकर आने को कहा गया है।
