गांजे की बड़ी खेप क्राइम ब्रांच ने पकड़ ली

कानपुर। शहर में खपाने के लिए लाई जा रही गांजे की बड़ी खेप क्राइम ब्रांच ने पकड़ ली। रोडवेज बस के द्वारा गांजा ला रहे पांच अभियुक्त भी क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ गये। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से 50 किलो गांजा बरामद हुआ है। इसकी बाजार में कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी जा रही है।

घटनाक्रम मंगलवार देर रात करीब ढाई बजे का है। क्राइम ब्रांच को लखनऊ की तरफ से आ रही रोडवेज बस से गांजे की बड़ी खेप शहर लाए जाने की सूचना मिली। सूचना पर एक्शन में आई क्राइम ब्रांच ने थाना चकेरी पुलिस को भी साथ ले लिया। बस के रामादेवी पहुंचते ही पुलिस ने घेराबंदी करके पांच अभियुक्तों के दबोच लिया और इनके पास 50 किलो गांजा बरामद कर लिया।

बस के अंदर से पकड़े गये अभियुक्तों की पहचान थाना मौरावां जनपद उन्नाव के आशु रावत, महेंद्र रावत, राजेश शर्मा, थाना ऊंचाहार जनपद रायबरेली के सुरेंद्र यादव, थाना कोतवाली जनपद बाँदा के अवधेश कुमार शिवहरे के रूप में हुई। इनके पास से नाजायज गाँजा 50.900 किग्रा0 बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि यह गांजा वह छत्तीसगढ़ से लेकर आए थे और उन्नाव में रखे थे। इसे रामादेवी चौराहे पर एक व्यक्ति को सौंपना था।

बस के अंदर पुलिस कार्रवाई होती देख रामा देवी में गांजे के इंतजार में खड़ा व्यक्ति मौके से भाग निकला। पुलिस अभियुक्त की तलाश कर रही है। पकड़े गये अभियुक्त करीब दो साल से इस धंधे में लिप्त थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *