आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिकों ने खास तरह का ड्रोन (Drone) तैयार किया

कानपुर। घुसपैठ की कोशिशों में नाकाम रहने के बाद पाकिस्तान (Pakistan) ड्रोन के जरिए आतंकी हमले की साजिश रच रहा है। पंजाब (Punjab) और जम्मू कश्मीर (Jammu and Kashmir) में आए दिन पाकिस्तान ड्रोन भेज रहा है। ऐसे में आईआईटी कानपुर (IIT Kanpur) के वैज्ञानिकों ने खास तरह का ड्रोन (Drone) तैयार किया है। इनके कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। जिससे क्रैश होने या दुश्मनों के जाल में फंसने से पहले ड्रोन अपना सारा डाटा कंट्रोल रूम को भेज देगा। हालांकि इसे हैक कर पाना आसान नहीं होगा। कंट्रोल रूम से कनेक्शन टूटने के बावजूद यह खुद को सेल्फ कंट्रोल करेगा।

आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिकों ने सेना को ध्यान में रखकर देश में पहली बार एआई व साइबर सुरक्षा जैसी खूबियों से लैस ड्रोन को तैयार किया है। इस ड्रोन को आईआईटी के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. एके घोष और सी3आई के प्रभारी प्रो. मणींद्र अग्रवाल की देखरेख में बीईएमएल के सहयोग से बनाया गया है। बता दें कि संस्थान के वैज्ञानिक साइबर सुरक्षा व ड्रोन को लेकर लगातार नए-नए शोध कर रहे हैं। यह पहली बार है कि एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के वैज्ञानिकों ने देश के सबसे बड़े साइबर सुरक्षा सेंटर सी3आई (सेंटर फॉर साइबर सिक्योरिटी एंड साइबर डिफेंस ऑफ क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर) के साथ मिलकर यूएवी (अनमैंड एयर व्हीकल) तैयार किया है। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह ड्रोन अत्याधुनिक तकनीक से लैस है।

ड्रोन में ऑटोपायलट सिस्टम

वैज्ञानिकों ने बताया कि यह अत्याधुनिक ड्रोन 40 मीटर प्रति सेकेंड से उड़ान भर सकता है। अन्य ड्रोन के मुकाबले यह काफी मजबूत है। इसकी खास बात है कि यह कम समय में उड़ान भर सकता है और लैंडिंग बड़ी ही आसानी से करता है। उनका कहना है कि ड्रोन में ऑटोपायलट सिस्टम लगा हुआ है। इससे अगर कंट्रोल रूम से ड्रोन का संपर्क खत्म हो जाता है तो यह खुद को सेल्फ कंट्रोल कर सकेगा। इसे मीडियम वेट क्लास में डिजाइन किया गया है। यह 30 किलो वजन के साथ टेक-ऑफ कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *