जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत
घर के आंगन में पड़ा मिला युवक का शव
इकलौते बेटे की मौत से बेहाल हुई मां
BILHAUR — वैष्णो नगर मोहल्ले में एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। घर के आंगन में युवक का पड़ा मिला है। आस पड़ोस के लोगों की सूचना पर परिजनों के पहुंचने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना की जांच पड़ताल शुरू की।
वैष्णो नगर बिल्हौर निवासी स्व.रंगीलाल गुप्ता का परिवार वर्तमान में कानपुर में निवास करता है। रंगीलाल की पत्नी किरण गुप्ता के अनुसार उनकी तीन बेटियां लक्ष्मी शिल्पी व खुशबू के बीच इकलौता बेटा 28 वर्षीय गोपी दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था और कुछ दिन पूर्व ही दिल्ली से वापस घर पहुंचा था। गलत संगत के चलते वह शराब का लती हो गया था। तीन दिन पूर्व वह बिल्हौर आने की बात कह कर से निकला था। रविवार शाम से उसकी फोन पर बात नहीं हो पा रही थी। इस कारण मंगलवार सुबह पड़ोस में रहने वाले संबंधियों से फोन पर बात कर जानकारी मांगी। पड़ोसियों द्वार देखने पर घर अंदर से बंद था और इधर-उधर से झांककर देखने पर युवक आंगन में पड़ा दिखाई पड़ा। जानकारी मिलते ही परिजन चिंतित हो उठे। कुछ ही देर बाद परिजन कानपुर से मौके पर पहुंच गए और सूचना के बाद थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना की जांच पड़ताल शुरू की। शव देखकर लोगों ने युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की आशंका जाहिर की। परिजनों के अनुसार युवक ने नशे की लत के चलते गैस सिलेंडर सहित घर की कई कीमती वस्तुओं को चोरी छुपे बेंच लिया था। वहीं पड़ोसियों के अनुसार दो दिन पूर्व उसे घर आते हुए देखा गया था। उसके बाद किसी ने नहीं देखा।
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के अनुसार जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की आशंका प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्यवाही की जाएगी।
