कानपुर
कानपुर गंगा बैराज पर दो दिन पहले युवाओं ने कार से दवा कारोबारी को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि दवा कारोबारी की मौत हो गई थी। उसके बाद सोमवार को भी कार सवार युवक ने बाइक सवार को टक्कर मारी। उधर हादसों की जानकारी मिलने के बाद बैराज पर पुलिस की ओर से ग्रांड चेकिंग शुरू की गई। खुद एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार मौके पर पहुंचे। वहीं गंगा बैराज पर सड़क हादसे रोकने को लेकर डीसीपी सेंट्रल आर एस गौतम ने कहा कि, वाहनों की स्पीड रोकने के लिए जिक जैक के रूप में बैरियर को रखवाया जा रहा है। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस के माध्यम से रेडार की मदद से चेकिंग कराई जाएगी और ब्रीथ एनालाइजर से नशेबाज वाहन चालकों की पकड़ की जाएगी। उन्होंने कहा कि गंगा बैराज पर एक सब इंस्पेक्टर के साथ चार पुलिस कर्मियों को लगाया जाएगा। जिससे बैराज पर लगातार पेट्रोलिंग की जा सके। उन्होंने बताया कि गंगा बैराज पर अवैध तरीके से मछ्ली का शिकार करने वालों पर भी कड़ी कार्यवाई की जाएगी। वहीं, गंगा बैराज पर चेकिंग कर रहे एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार ने कहा कि, स्टंटबाजों और तेज रफ्तार वाहन चालकों की खैर नही। निरंतर अभियान चला कर ट्रैफिक नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई की जाएगी।
