महिला ने बंदूक उठाई और पति को गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया

फतेहपुर। हथगाम कस्बा के सिठौरा रोड किनारे मोहल्ले में शुक्रवार की रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक झगड़ा करते करते एम महिला ने बंदूक उठाई और पति को गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया। जानकारी होते ही मोहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई और मौके पर आई पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर बंदूक कब्जे में ले ली। बताया गया कि करीब दो साल पहले बेटी की भी गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपित पत्नी के अलावा घर में रहने वाली बेटी से पूछताछ शुरू की है।

मूलरूप से बड़ी संझिया गांव के रहने वाले 50 वर्षीय ओमप्रकाश मौर्य का मकान हथगाम कस्बे के सिठौरा रोड पर है। यहां पर वह पत्नी श्रीमती देवी और बेटी लक्ष्मी देवी के साथ रह रहे थे। पुलिस की पूछताछ में आसपास मोहल्ले के लोगों ने जानकारी दी कि ओमप्रकाश आए दिन अपनी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट करता था। पिता की प्रताड़ना से तंग आकर दो वर्ष पहले पुत्र शिवजीत ने घर के अंदर गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। शुक्रवार की रात्रि पति-पत्नी में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसकी आवाजें भी बाहर तक आ रही थीं।

पुलिस की जांच में सामने आया कि ओमप्रकाश सोने के लिए जैसे ही बिस्तर पर पहुंचा तभी पत्नी श्रीमती ने लाइसेंसी बंदूक उठाकर उसे गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी एकत्र हुए और बेटी लक्ष्मी भी अपने कमरे से निकलकर बाहर आई। पुलिस को घटना की जानकारी हुई तो प्रभारी निरीक्षक फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे।

पुत्री लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि रात में माता-पिता के बीच झगड़ा हो रहा था। पिता ने गोली मारने के लिए लाइसेंसी बंदूक उठाई तभी मां ने उसे झपट्टा मारकर छीनना चाहा और इसी दौरान फायर हो गया। गोली लगने से पिता की मौत हो गई। महिला पुलिस कर्मियों ने श्रीमती देवी को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है। ओमप्रकाश का एक पुत्र इंद्रजीत मौर्य परिवार के साथ बड़ी संझिया गांव में रहता है। सूचना के बाद वह भी सिठौरा रोड स्थित मकान पर आ गया। पुलिस की जांच में महिला द्वारा प्रताड़ना से तंग आकर पति की गोली मारकर हत्या की बात सामने आई है। दिवंगत की पुत्री ने मां के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *