अंतरजनपदीय तेल चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

कानपुर देहात में गजनेर पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक साथी मौके से एक फरार हो गया है। चोरों के पास से 11 केन में 215 लीटर चोरी का डीजल, दो तमंचा व चार कारतूस बरामद हुए हैं। गिरोह के लोग डेढ़ माह पहले की जेल से बाहर आए है। इसके पहले आरपीएफ ने इन्हें डीजल चोरी करने में गिरफ्तार किया था।

माती स्थित पुलिस लाइन में एएसी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि गोगूमऊ के पास स्थित एचपीसीएल डिपो में रेल रैक से डीजल आता है। वहीं यहां सेे बड़े पैमाने पर डीजल लेकर टैंकर बाहर जाते हैं। इन टैंकरों के चालकों से सांठगांठ कर डीजल चोरी का कारोबार होने की जानकारी मिल रही थी। वहीं डिपो पर डीजल लेकर आने वाले रेल रैक के वैगन से भी चोरी होने की सूचना थी।

इस पर गजनेर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। बुधवार को पुलिस ने ररूआ गांव जाने वाले मार्ग पर छापा मारकर डीजल चोरी के कारोबार का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से कौरारा खुर्द सिरसागंज जिला फिरोजाबाद के सचिन सचान, संदीप कुमार कालपी जालौन के बबलू उर्फ दीपू व सिकैला औरंगपुर गहदेवा रसूलाबाद के विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

इनके पास से 30 केन बरामद हुए। इसमें 11 डीजल से भरे थे। एक लोडर, डीजल निकालने का पाइप, 19 केन खाली, एक लोहे की रॉड, दो तमंचा व चार कारतूस बरामद हुए। एक आरोपी बंजारी ताला निवासी कल्लू फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। उरई आरपीएफ टीम ने गिरोह के सदस्यों को पहले भी डीजल चोरी के मामले में पकड़ा था। डेढ़ महीने पहले ही इनकी जमानत हुई है।

दोनों पैरों से दिव्यांग दीपू की चोरी में मुख्य भूमिका

पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इसमें दोनों पैरों से दिव्यांग कालपी जालौन निवासी बबलू उर्फ दीपू की मुख्य भूमिका है। वह बैशाखी के सहारे चलता है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि गोगूमऊ एचपीसीएल डिपो के बाहर से डीजल चोरी के लिए एक लोडर किराए पर लिया है।

उसका अनुबंध कराकर डीजल चोरी के कारोबार में इस्तेमाल कर रहा है। वह लोडर पुलिस के कब्जे में है। चोरी हुए तेल की बिक्री की भी व्यवस्था वही करता है। पुलिस उसका उसका आपराधिक इतिहास जुटा रही है।

आरोपियों को छुड़ाने पहुंचे साथी, पुलिस कर्मियों को रोका

कानपुर देहात में डीजल चोर गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ने के बाद पुलिस उन्हें न्यायालय में पेश करने ले जा रही थी तभी वहां उनके करीब 50 साथी पहुंच गए। जिन्होंने पुलिस कर्मियों को रोककर आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश की। इसकी जानकारी पर इंस्पेक्टर गजनेर व ग्रोथ सेंटर चौकी इंचार्ज फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपियों के साथी भाग निगले। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।

डीजल चोरी करने वाला गिरोह यूपीसीडा जैनपुर क्षेत्र में डेरा जमाए है। इसमें शामिल लोग किराए पर मकान लेकर रहते हैं और गोगूमऊ स्थित एचपीसीएल व बहवलपुर में रिलायंस डिपो के बाहर डीजल चोरी करते हैं। गिरोह में करीब सौ से अधिक सदस्य हैं। बुधवार को गजनेर पुलिस गिरोह के चारों सदस्यों को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही थी। वहीं आरोपियों के साथी पुलिस पर लगातार नजर बनाए थे।

कचहरी में उन्हें छुड़ाने के लिए 50 से अधिक लोग एकत्र हो गए और पुलिस कर्मियों को रोक लिया। जानकारी पर गजनेर इंस्पेक्टर गंगा सिंह व ग्रोथ सेंटर चौकी इंचार्ज भारत सिंह भारी पुलिस बल लेकर कचहरी पहुंच गए।

फोर्स आते ही सभी लोग मौके से भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में सभी को कोर्ट में पेश कराने के बाद जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर गंगा सिंह ने बताया कि गिरोह के कई और लोग कचहरी पहुंच गए थे। वह आरोपियों को छुड़ाने की फिराक में थे लेकिन भारी फोर्स पहुंचते ही सभी भाग गए।

पत्रकार से अभद्रता में सिपाही लाइन हाजिर

डीजल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ने के बाद चोरों को पुलिस लाइन लाया गया। वहां चोरी के आरोपियों से बात करने पर एक सिपाही ने पत्रकार से अभद्रता कर दी। इसकी जानकारी पर एएसपी घनश्याम चौरसिया ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। साथ ही सिपाही अशोक कुमार यादव को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया। उसे दोबारा तैनाती क्षेत्र में न जाने की हिदायत दी। इंस्पेक्टर को निर्देश दिया किया उसका सामान पुलिस लाइन भिजवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *