घाट से वापस ले गए किसान का शव

कानपुर देहात के धरमपुर गांव में मंगलवार की रात खेत में फसल की रखवाली कर रहे किसान को सांप ने डस लिया। इससे किसान की मौत हो गई। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए सेंगुर नदी घाट पर ले गए, वहां मृतक के बड़े बेटे के आने पर शव को वापस घर ले आए।

इसके बाद परिवारीजनों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं एसडीएम ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आर्थिक मदद दिलाने की बात कही है।

मंगलपुर थाना क्षेत्र के असवी निवासी किसान राजनरायन पांडेय (70) परिवारीजनों सहित ससुराल धरमपुर में रह रहे थे। मंगलवार की शाम वह फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर जाकर लेट गए। तभी रात में उन्हें सांप ने डस लिया। जब वह सुबह चार बजे उठे तो चक्कर खाकर खेत पर गिर पड़े। जिसकी सूचना खेत के आसपास मौजूद किसानों ने परिजनों को दी।

जिस पर उन्हें इलाज के लिए अकबरपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने राजनरायन को मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजन शव को घर वापस ले आए। यहां से परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए सेंगुर नदी के तट पर पहुंच गए। तभी अकबरपुर के नेहरू नगर में रह रहा बड़ा बेटा सत्येंद्र कुमार घाट पर पहुंचा और अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसडीएम सिंकदरा रमेश चंद्र ने बताया कि सर्प दंश से किसान की मौत पर आर्थिक मदद देने का प्रावधान है। जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही दिया जाता है।

पहले परिवारीजन बिना पोस्ट मार्टम के शव घाट पर ले गए थे। बड़े बेटे के समझाने के बाद परिवारीजनों ने किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आर्थिक सहायता देने के लिए रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *