कानपुर। विवादों से नाता रखने वाले सीसामऊ से समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें वह सब इंस्पेक्टर से बीच सड़क पर तू – तड़ाक कर के बात करते नजर आ रहे हैं। बचाव में सब इंस्पेक्टर ने कहा कि मैं अभी नया हूं और आपको नहीं पहचानता था। जिस पर अखिलेश के विधायक ने कहा कि नये हो तो क्या मैं तुम्हें सिर पर बैठा लूं। मामले की जानकारी अलाधिकारियों को हुई तो वह मौके पर पहुंचे और विधायक को किसी तरह से शांत कराया।
ग्वालटोली थाने की पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में एक सपा कार्यकर्ता को पांबद किया था। सपाईयों ने फोन के जरिए विधायक इरफान सोलंकी को जानकारी दी। विधायक लॉव-लश्कर के साथ थाने पहुंच गए। थाने के बाहर सब इंस्पेक्टर को बुला लिया और उनसे भिड़ गए। सब इंस्पेक्टर ने उन्हें बताया कि मैं नया हूं और आपको नहीं पहचानता था। फिलहाल मैंने आपको कुछ नहीं कहा। बावजूद विधायक इरफान सोलंकी का गुस्सा नहीं रुका और सब इंस्पेक्टर पर जमकर भड़ास निकाली।
सपा विधायक इरफान सोलंकी और पुलिस के बीच 21 मई 2021 में विवाद हुआ था। वह अपने समर्थक का चालान कटने की सूचना पर दलेलपुरवा चौराहे गए थे, मगर मास्क न लगाने पर खुद उनका भी चालान हो गया। इससे विधायक ने आपा खो दिया और दरोगा से कहा था कि, नए-नए भर्ती हुए और विधायकों से बात करने की तमीज नहीं है। वह पुलिस अधिकारियों से शिकायत करेंगे। इसी बीच दारोगा ने विधायक द्वारा मास्क न लगाए जाने पर टोक दिया। विधायक ने यह सुनते ही मास्क तो लगा लिया, लेकिन वह आपे से बाहर हो गए और चिल्लाने लगे। इसके बाद हाथापाई शुरू हो गई थी।
ममला बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने थाना इंचार्ज को जानकारी दी। थाना इंचार्ज मौके पर पहुंचे और विधायक से बातचीत कर स्थिति को संभाला। बता दें सपा विधायक इरफान सोलंकी के एक करीबी के खिलाफ ग्वालटोली पुलिस ने त्यौहार के मद्देनजर कार्रवाई करते हुए उसे पाबंद किया जा चुका है। पुलिस ने जब फिर से उसे पाबंद किया तो शनिवार देर शाम को सपा विधायक उसे लेकर ग्वालटोली चौराहे पहुंचे। जब विधायक हंगामा कर रहे थे तभी किसी ने इसका वीडियो बना लिया और देर रात सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
2021-08-22
