औरैया। शहर के मोहल्ला परिहार टोला निवासी विवाहिता ने महिलाथाना में पति समेत चार ससुरालीजनों व दो अज्ञात के खिलाफ दहेज प्रताडऩा की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिलाथाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
महिला थाना में दर्ज कराई रिपोर्र्ट में विवाहिता वर्षा शुक्ला पुत्री संतोष शुक्ला ने बताया कि उसकी शादी नवंबर 2018 को मोहल्ला परिहार टोला निवासी अपूर्व दुबे से हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार पर्याप्त दान दहेज दिया। बावजूद इसके ससुरालीजनों में पति अपूर्व दुबे, ससुर प्रदीप दुबे, देवर आयुष दुबे, सास किरन देवी इससे संतुष्ट नहीं थे। इन लोगों द्वारा शादी के कुछ ही महीनोंं बाद कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताडि़त किया जाना शुरू कर दिया गया। बताया कि ससुरालीजन उससे तीन लाख रूपये नगद व एक बाइक दिलाने का दबाव डालने लगे। पीडि़ता ने बताया कि पहले तो वह कई महीनों तक सब कुछ बर्दाश्त करती रही। इसके उपरांत उसने अपने मायके वालों को इसकी जानकारी दी। जिस पर मायके वालों ने ससुरालीजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ससुरालीजन नहीं माने। 21 मई 2021 को नामजद ससुरालीजनों ने दो अज्ञात लोगों के साथ मिलकर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। विवाहिता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने नामजद व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
2021-05-23
