पुलिस ने महिला के पांच लाख के जेवर लौटाए

कानपुर से मायके रसूलाबाद जा रही एक महिला का पांच लाख रुपये कीमत के जेवरात भरा बैग बस में भूल गई। समय रहते पुलिस ने बस का पीछा कर उसे आगे जाकर रुकवाकर बैग बरामद किया और महिला को वापस सौंपा। इससे महिला बेहद खुश हुई और जमकर धन्यवाद दिया।

कानपुर नगर के रावतपुर निवासी पूनम देवी रोडवेज से रसूलाबाद के जोत गांव अपने भाई शीलू पांडेय के यहां राखी बांधने को निकली थीं। रसूलाबाद चौराहे पर वह उतरी लेकिन जल्दबाजी में बस में रखा बैग लेना भूल गई। उन्हें जब तक याद आया बस आगे निकल गई। वह वहीं पर फूट फूट कर रोने लगी लोगों ने पूछा तो बताया कि उसमें पांच लाख रुपये कीमत के जेवरात रखे हैं। जानकारी कस्बा चौकी इंचार्ज जय सिंह को लगी तो उन्होंने पुलिस जीप से बस का तेजी से पीछा किया और उसरी गांव के पास बस को रोक लिया। बस की तलाशी ली तो उसमें बैग मिल गया। जब महिला को जेवरात भरा बैग वापस मिला तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। महिला के अलावा आसपास के लोगों ने पुलिस की तारीफ की।

शातिर तस्कर को पुलिस ने पकड़ा

शिवली में वाहन चेकिग के दौरान शातिर मादक पदार्थ तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 1.3 किलो गांजा बरामद किया है।

बाघपुर चौकी प्रभारी अवनीश कुमार वर्मा, एसआइ अंकित सिंह यादव, सिपाही कमलेश मौर्य, प्रदीप सिंह, मोनू शेरावत, गणेश सिंह शनिवार रात करीब 10:30 बजे शिवली कल्याणपुर मार्ग पर शेखूपुर गांव के पास वाहन चेकिग कर रहे थे। उसी समय मलिकपुर गांव निवासी रेहान खान आता दिखाई दिया। पुलिस को देख उसने भागने का प्रयास किया जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। कोतवाल आमोद कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया शातिर आरोपित युवक लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी करने में लिप्त है और आसपास के गांव में बिक्री कर मुनाफा कमाता है। मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *