कानपुर देहात के संदलपुर कस्बे में आबादी के बीच देसी शराब के ठेके को हटाए जाने की मांग महिलाओं ने एसडीएम से की। महिलाओं ने जल्द कार्रवाई न होने पर धरना प्रदर्शन करने की बात कही है।
संदलपुर के हिसावां रोड पर एक मकान में देसी शराब की दुकान संचालित है। पास में दो विद्यालय भी हैं। क्षेत्र निवासी फरीदा बेगम, मीना कुमारी, सरीफन, बेगम, माया देवी, अंजनी देवी, सरस्वती कुशवाहा, असरजहां, सरोजिनी संगीता ने बताया कि शराब ठेका घरों के पास होने से आए दिन लोग नशे में गाली-गलौज किया करते हैं।
यहां तक की कई बार शराब के नशे में ठेके पास मारपीट आदि की घटनाएं हो जाती हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी इसका गलत असर हो रहा है। महिलाओं ने अफसरों को धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। कहा कि आठ दिन में आबादी से ठेका नहीं हटा तो आंदोलन किया जाएगा।
एसडीएम सिकंदरा रमेश चंद्र यादव ने बताया कि देसी शराब ठेके के ठेकेदार को शराब ठेका कस्बे से एक किलोमीटर दूर संचालित कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश न मानने पर कार्रवाई की जाएगी।
