आतंक राज कायम करना ही तालिबान का मकसद

शिया मुस्लिम धर्म गुरु बोले – आतंक राज कायम करना ही तालिबान का मकसद, कल्याण सिंह के लिए कही यह बात

उरई में शिया मुस्लिम धर्म गुरु कल्बे जव्वाद ने कहा कि तालिबान का राज इंसानियत के खिलाफ है। अफगानिस्तान को उससे बचाने के लिए पूरी दुनिया को तालिबान के खिलाफ एकमत होना पड़ेगा।

रविवार को शहर के शिया मुस्लिमों ने कर्बला के मैदान में शहीद हुए हजरत इमाम हुसैन और उनके 71 साथियों की याद में तीजे का शोक मनाया। सुबह से ही मजलिसों का सिलसिला शुरू हो गया जो देर रात तक चलता रहा। इसमें शामिल होने आए शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने मोहल्ला मोहनपुरा में बारगाहे बाबुल मुराद में कहा कि पूरी दुनिया इस समय अफगानिस्तान की ओर देख रही है, फिर भी तालिबान को पस्त करने की नहीं सोची जा रही है। समय रहते तालिबान के खिलाफ खड़ा न हुआ गया तो आगे वह बहुत मारकाट मचाएगा। तालिबान एक ऐसा संगठन है जिसमें इंसान नहीं जानवर हैं। वे इतने क्रूर हैं कि बच्चों की जान लेने में तक नहीं हिचकते हैं। तालिबान ने ही पाकिस्तान के स्कूली बच्चों पर आतंकी हमला किया था।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि हम सभी ने एक अच्छा नेता खो दिया। इस दौरान मौलाना अकबर अली नजफी, हाजी हाशिम हुसैन , शबाब हुसैन, नवाब हुसैन, शादाब हुसैन आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *