तुम बेटे नहीं हैवान हो, इस धरती पर कलंक हो तुम,’ जनता दरबार में आखिर क्यों भडके उठे डीएम

 

 

एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां को इतनी भद्दी भद्दी गालियां दी कि उसकी रिकॉर्डिंग सुनकर कलेक्ट्रेट में गुरूवार को जनता दरबार में डीएम आग बबूला हो गए।डीएम ने बेटे से कहा कि तुम बेटे नहीं हैवान हो। इस धरती पर कलंक हो। सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि बेटे ने मकान पर कब्जा कर लिया और मां को घर से बाहर निकाल दिया। डीएम ने तुरंत आदेश दिए कि मकान को आज ही खुलवा कर मां को कब्जा दिलवाया जाए।

 

कानपुर के चौबेपुर निवासिनी महिला के पति का स्वर्गवास दो साल पहले हो चुका था। महिला के चार बेटियों पर एक बेटा कृष्ण मुरारी है। महिला के अनुसार कृष्ण मुरारी शराबी और आवारा है। पति की मृत्यु के बाद से बेटा अपनी बहु के साथ मिलकर उनको गालियां देता था। आरोप है कि बेटा दामादों की हत्या करने की धमकी भी देता था। जब एक बार पीड़ित महिला भगवान के दर्शन करने वृंदावन गई थी तो बेटे ने पीछे से मकान पर ताला लगा दिया और कब्जा कर लिया।इस पूरे मामले में महिला ने हाइकोर्ट का सहारा लिया और हाइकोर्ट के आदेश पर कानपुर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के सामने पेश हुई। डीएम ने वहीं पर बेटे को भी तलब कर लिया। महिला ने डीएम से गुजारिश करते हुए कहा जाए कि उनका बेटा कैसी कैसी गालियां देता है यह देखने के लिए कॉल रिकॉर्डिंग सुनी जाए। जब डीएम ने रिकॉर्डिंग सुनी तो वो आग बबूला हो गए। उन्होंने बेटे पर नाराजगी जताते हुए कहा कि तुम बेटे नहीं हैवान हो। इस धरती पर कलंक हो तुम। मां की हालत और दर्द देखकर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने तुरंत आदेश दिए कि ताला खुलवाकर पीड़ित महिला को तुरंत मकान का का कब्जा दिलवाया जाए। जब तक महिला को कब्जा नहीं मिलता है तब तक आरोपी बेटे को जाने ना दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *