कानपुर के काली मठिया मन्दिर में बनेगा कॉरिडोर, 60 लाख से योगी सरकार कराएगी सुंदरीकरण
कानपुर : शास्त्री नगर स्थित माता रानी के प्राचीन मंदिर का जल्द ही सुंदरीकरण किया जाएगा. मंदिर के रूप में बदलाव के तहत भव्य द्वार और चौराहे पर फाउंटेन लगाए जाएंगे. मंदिर की नक्काशी भी की जाएगी, जिससे इसका स्वरूप और भी आकर्षक बनेगा. श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए फुट टाइल्स भी लगाए जाएंगे. नवरात्रि के पहले बुधवार को इस कार्य की शुरुआत की गई है और क्षेत्रीय पार्षद अरविंद यादव के साथ अधिकारियों और कार्यदाई संस्था ने काम शुरू कर दिया है. कुछ महीनों में मंदिर का नया रूप तैयार हो जाएगा.कानपुर के काली मठिया मंदिर को कॉरिडोर के रूप में विकसित करने के लिए ₹60 लाख की योजना बनाई गई थी. जुलाई 2024 में पार्षद अरविंद यादव और महापौर प्रमिला पांडे के पुत्र अमित पांडे ने मंदिर के सुंदरीकरण के लिए पूजा की थी. हालांकि, सीवर लाइन का कार्य शुरू होने के कारण सुंदरीकरण का काम रुका था. अब, बुधवार से मंदिर के सुंदरीकरण का कार्य फिर से शुरू हो गया है. इसमें लाइटिंग, फुटपाथ और चौराहे का सुंदरीकरण, साथ ही प्रसाद बेचने वाले दुकानदारों को व्यवस्थित किया जाएगा.शास्त्री नगर स्थित काली मठिया मंदिर करीब डेढ़ सौ साल पुराना माता रानी का ऐतिहासिक मंदिर है, जहां भक्त नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में आते हैं. मंदिर के पुजारी के अनुसार, यहां एक तिल की खुदाई में मां काली की प्रतिमा मिली थी. 1971 में शंकराचार्य ने मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था. पहले यहां संकरी सड़क और पार्किंग की कमी के कारण श्रद्धालुओं को समस्याओं का सामना करना पड़ता था. अब इस मंदिर के पास कॉरिडोर विकसित होने से श्रद्धालुओं को इस समस्या से राहत मिलेगी और वे आसानी से दर्शन कर सकेंगे.क्षेत्रीय पार्षद के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों पहले नगर निगम के तहत CL मेमोरियल चौराहा का नाम शहीद हेमू कालानी चौक रखने का प्रस्ताव पास किया था, अब ऐसे में इस चौराहा को और भी बेहतर और आधुनिक ढंग से विकसित किया जाएगा. इसे एक सेल्फी प्वाइंट के रूप में विकसित किया जाएगा, वहीं चौराहे के सुंदरीकरण में करीब 10 लाख रुपए खर्च होंगे, जिससे कहीं न कहीं इसकी भव्यता और भी ज्यादा बढ़ जाएगी.
