राष्ट्रपति से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को बर्खास्त करने की मांग
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को बर्खास्त नहीं किया गया तो देश भर के दिव्यांगजन घेरेंगे राष्ट्रपति भवन
अमर्यादित होते जा रहे हैं नेता, दिव्यांगों का कर रहे हैं उपहास
कानपुर। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की बैठक शास्त्री नगर सेन्ट्रल पार्क में हुई। बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा दिव्यांगजनों का उपहास करने, उन्हें लंगड़ा लूला कहने व खण्डित मूर्ति कि उपमा देकर अपमानित करने पर पार्टी ने अपनी घोर आपत्ति जताई है।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेज कर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को पद से बर्खास्त करने की मांग की है। वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि देश के नेता अमर्यादित हो गए हैं। दिव्यांगजनों को अपमानित करने का प्रचलन चल गया है । इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि जिस देश में दिव्यांगजनों को संरक्षण देने के लिए दिव्यांगजन अधिनियम 2016 जैसा कानून बना हुआ है। उस देश में मोहन यादव जैसे मुख्यमंत्री के खिलाफ इस अधिनियम के तहत कार्यवाही न होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
वीरेन्द्र कुमार ने चेतावनी दी है कि मोहन यादव को पद से बर्खास्त नहीं किया जाता है तो देश भर के दिव्यांगजन राष्ट्रपति भवन का घेराव करेंगे।
जिला अध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि हम किसी भी कीमत पर दिव्यांगजनों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हम किसी की कृपा के मोहताज नहीं है। अपना हक व अधिकार छीन कर लेना जानते हैं।
आज कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार, प्रदेश अध्यक्ष आनन्द तिवारी, जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, मण्डल अध्यक्ष अशोक कुमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष अल्पना कुमारी, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, अनुराधा गुप्ता, ममता आदि शामिल थे।
