29 मार्च 2025 कानपुर नगर।

*“विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह में किसी विभाग की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी”*

*‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान’ के संचालन को लेकर हो अंतर्विभागीय टास्कफोर्स बैठक*

*एक अप्रैल से पूरे माह चलेगा अभियान, खोजे जाएंगे डेंगू मलेरिया फाइलेरिया टीबी के रोगी*

*जागरूकता के लिए 10 अप्रैल से चलेगा ‘दस्तक अभियान’, घर-घर जाएंगी आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता*

*ई-कवच पर अपलोड होंगी रोगियों की जानकारी, आभा आईडी जेनरेशन पर भी दिया जाएगा ज़ोर, ओपीडी में आने वाले सभी मरीजों की बनाई जाए आभा आई डी*

*संचारी रोग नियंत्रण माह अभियान के साथ ही एक जुलाई से शुरू होने वाले ‘स्टॉप डायरिया नियंत्रण अभियान’ के बारे में अवगत कराया। यह अभियान दो माह तक चलेगा।*

*वेक्टर जनित बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, कालाजार आदि की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही 10 से 30 अप्रैल तक घर-घर दस्तक अभियान (दरवाजा खटखटाना) चलाया जाएगा।*

*प्रतिदिन वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से विभागों की समीक्षा करे मुख्य चिकित्सा अधिकारी*

*जिला समन्वय समिति की बैंठक में अपने दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर/कमर्चारियों को बर्खास्त करने का प्रस्ताव बनाकर दे, समस्त संबंधित अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी*

जिलाधिकारी श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय टास्क फोर्स बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग समेत 14 सहयोगी विभागों से विस्तृत जानकारी ली गई और जल्द से जल्द माइक्रोप्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि उक्त अभियान को सफल बनने के लिए माइक्रोप्लान के अनुसार शत-प्रतिशत कार्य का सम्पादन किया जाए। सभी विभाग डाटा फीडिंग और मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दें।

जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के नगरीय या ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं भी जल जमाव, गंदगी, आदि की स्थिति पैदा न हो। नगर में कहीं भी जल भराव, नाली जाम व आदि की स्थिति होने पर नगर निगम द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज एवन ग्राम विकास विभाग की ओर से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। पूर्व में हॉट स्पॉट क्षेत्रों, घनी आबादी व अन्य मलिन बस्तियों में एंटी लार्वा छिड़काव, फोगिंग आदि का कार्य करते हुए लोगो को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के आपसी सामंजस्य से ही संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान को सफल बनाया जा सकता है। यह तभी संभव है जब इस संदर्भ में जिन विभागों को जो भी जिम्मेदारियां दी गयी हैं, उसका पूरी जिम्मेदारी से उन्हे पालन किया जाए। दस्तक अभियान में विभिन्न विभागों के फ्रंटलाइन वर्कर्स वेक्टर जनित एवं संक्रामक रोगों से बचाव की जानकारी घर-घर जाकर दी जाए तथा व्यवहार परिवर्तन के लिए लोगों को प्रेरित करें। अधिक से अधिक लोगों को मच्छरों के माध्यम से फैलने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी दी जाए । अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता माइक्रोप्लान साझा करते हुए कार्य सम्पादित करें । सभी विभाग अगले सप्ताह माइक्रोप्लान भेजना सुनिश्चित करें, जिससे अभियान का सफलतापूर्वक संचालन किया जा सके।
दस्तक अभियान में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा काउन्सलिन्ग पर ज़ोर दिया जाए। सीएचसी व पीएचसी स्तर पर ही डेंगू आदि के मरीजों को तत्काल प्रभाव से उपचार प्रदान किया जाए।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती दीक्षा जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरि दत्त नेगी, सभी अपर व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक, विभिन्न विभागों के मुख्य अधिकारी व कर्मी, समस्त ब्लॉक के अधीक्षक व एमओआईसी, अन्य अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी सहित सहयोगी संस्था यूनिसेफ व डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *