शेयर मार्केट की गिरावट कानपुर के भी निवेशकों पर पड़ी भारी
500 करोड़ से अधिक के नुकसान का आंकलन
अमेरिका से शुरू हुई टैरिफ वॉर ने शेयर निवेशकों की हालत खराब कर दी है. सोमवार को जिस तरह से शेयर मार्केट धड़ाम हुआ, उसका असर कानपुर के निवेशकों पर भी देखा गया.शेयर निवेशकों का अनुमान है सोमवार को जिस तरह से शेयर बाजार धड़ाम हुआ, उससे कानपुर के निवेशकों को 500 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है. शेयर मार्केट के जानकारों का कहना है कि कोविड के बाद सबसे बड़ी गैप डाउन ओपनिंग देखी गई.
सोमवार की गिरावट को ऐतिहासिक बताया जा रहा है. नुकसान के चलते शेयर मार्केट के निवेशक भी काफी परेशान नजर आए. उनका कहना है कि अमेेरिकी राष्ट्रपित ट्रंप ने जिस तरह से ट्रैरिफ वॉर शुरू की, उसके बाद चीन ने भी जवाबी 34 प्रतिशत टैरिफ लगाया, उसका सीधा असर मार्केट में देखने को मिल रहा है. जिसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर देखा जा रहा है.सोमवार को ऐसा कोई शेयर नहीं था, जिसमें गिरावट न दर्ज की गई हो. उनका कहना है कि जब तक यह टैरिफ वॉर चलेगा, तब तक शेयर मार्केट मेें सुधार की उम्मीद नहीं दिखाई देती.
