कानपुर में रामनवमी शोभायात्रा में ध्वनि प्रदूषण और उपद्रव पर पुलिस की सख्ती, कई थानों में FIR दर्ज।
रामनवमी के पावन अवसर पर निकाली गई शोभायात्राओं के दौरान कानपुर शहर के कई इलाकों में हंगामा और तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। तय मानकों से अधिक ध्वनि वाले लाउडस्पीकर और डीजे के इस्तेमाल, धार्मिक नारेबाजी और पथराव की अफवाहों के बाद पुलिस ने चकेरी, ग्वालटोली, मूलगंज, फजलगंज और रावतपुर थानों में कई FIR दर्ज की हैं।
पुलिस के अनुसार, शोभायात्राओं के आयोजकों को पहले ही ध्वनि प्रदूषण नियमों का पालन करने और शांति बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए थे। उन्हें लाउडस्पीकर की ध्वनि सीमा का पालन करने और किसी भी प्रकार के विवादित नारेबाजी से बचने की हिदायत दी गई थी। बावजूद इसके, कई जगहों पर इन निर्देशों की खुलेआम अवहेलना की गई। कुछ जुलूसों में तय सीमा से अधिक डेसिबल वाले लाउडस्पीकर और डीजे का इस्तेमाल किया गया, जिससे ध्वनि प्रदूषण हुआ और स्थानीय निवासियों, विशेषकर बुजुर्गों और बीमार लोगों को काफी परेशानी हुई। कई इलाकों में धार्मिक नारेबाजी भी की गई, जिससे सांप्रदायिक तनाव का माहौल बना।
रावतपुर इलाके में स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब शोभायात्रा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस पर जूता फेंका और उसके बाद कुछ लोगों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने इस मामले में भी FIR दर्ज की है और उपद्रवियों की पहचान करने के लिए CCTV फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
