‘जिसका एक लड़का सपा में-दूसरा BJP में है, क्या वह शहर अध्यक्ष के लायक है?’, कांग्रेस नेता ने आलोक मिश्र का बड़ा हमला
कांग्रेस के अंदर एक बार फिर से गुटबाजी सामने आ गई है. पार्टी के गुजरात में चल रहे राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने गए कांग्रेस नेता आलोक मिश्र ने मंच से ऐसी बात कही, जिसमें यहां पर चल रही अंदरूनी कलह को सामने ला दिया. गुजरात में चल रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में कांग्रेस नेता आलोक मिश्र ने सीधे तौर पर बिना नाम लिए महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन गुप्ता को निशाने पर लिया।हालांकि, उन्होंने यहां पर किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन इतना जरूर कहा कि जिसका एक लड़का समाजवादी पार्टी में हो और दूसरा लड़का भाजपा में हो, क्या वह शख्स जिलाध्यक्ष के लायक है. आलोक मिश्र ने कहा कि अगर वह इस लायक है तो हम भी आपको स्वीकार करते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को संबोधित करते हुए आलोक मिश्र ने कहा कि 1982 से कांग्रेस में हैं. उन्होंने कहा कि हम लोग बीजेपी से बाद में लड़ते हैं लेकिन पहले आपस में ही लड़ते हैं. एक बार फैसला होना चाहिए कि जो ऊपर से तय हो जाएगा, वह सभी को स्वीकार होगा।उन्होंने कहा कि खड़गे जी और राहुल जी आप भाजपा को हटाना चाहते हैं, कांग्रेस के अंदर जो भाजपा के लोग हैं उन्हें हटाना चाहते हैं लेकिन जिसका एक लड़का सपा में और दूसरा लड़का भाजपा में हो, क्या वो शहर अध्यक्ष के लायक है। इस दौरान लोकसभा में खुद को मिले 4.22 लाख वोटों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 1947 से आज तक कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में कानपुर में इतना वोट नहीं मिला।इसके बाद बोले कि आपने शहर अध्यक्षों को जो सत्ता दी है, उसे स्वीकार करते हैं लेकिन इतना तय होना चाहिए कि जो शहर अध्यक्ष या जिलाध्यक्ष होगा, वह चुनाव के लिए आवेदन नहीं करेगा, केवल संगठन का काम करेगा। जिलाध्यक्ष खुद चुनाव का कैंडीडेट बन जाएगा तो संगठन कैसे चलेगा।
