कानपुर देहात में गोवंश आश्रय स्थलों में पशुओं को हरा चारा, पानी सहित अन्य व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी उदासीनता बरत रहे हैं। पशुओं को हरा चारा उपलब्ध न कराने पर डीएम जेपी सिंह ने चार बीडीओ के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजी है।
शासन की ओर से गोवंश आश्रय स्थल में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए जिला प्रशासन को निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही गोवंश को हरा चारा, दाना, भूसा के साथ ही सफाई व स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कहा गया है, लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदारी अधिकारी आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। गुरुवार को डीएम ने गोवंश आश्रय स्थल की समीक्षा की। इस दौरान अकबरपुर, रसूलाबाद, झींझक व राजपुर में व्यवस्थाएं दुरुस्त न मिलने के साथ ही पशुओं को हरा चारा न मिलने की बात भी सामने आई। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए बीडीओ राजपुर, झींझक, अकबरपुर व रसूलाबाद को कड़ी फटकार लगाई। इसके साथ ही रिपोर्ट शासन को भेजी गई। उन्होंने कहा कि चेतावनी देते हुए कहा कि जहां गोवंश आश्रय स्थल में व्यवस्था खराब मिलेगी उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
