ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सब्जी विक्रेता की मौत

सिकंदरा कस्बे के मुगल रोड पटेल चौक के पास पेट्रोल भराकर लौट रहे बाइक सवार सब्जी विक्रेता को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे उनकी घटनास्थल पर ही जान चली गई। घटना से गुस्साए लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह से सभी को शांत कराया।

कस्बे के गांधी नगर मोहल्ला निवासी 52 वर्षीय सब्जी विक्रेता साबिर कुरैशी गुरुवार को घर से औरैया जाने को बाइक से निकले थे। मुगल रोड पर पटेल चौक चौराहे के पास पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने के बाद वह चल पड़े। कुछ दूर आगे चले थे कि पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे वहीं पर उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से उत्तेजित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे।

थाना प्रभारी सिकंदरा विद्यासागर सिंह पुलिस बल संग पहुंचे और किसी तरह समझाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका। उधर, दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ मौके से फरार हो गया। मौत की खबर पाकर पत्नी चांदतारा, बेटे शानू, शारिक, अच्छे व बेटी सोनम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनका कहना था कि हंसी खुशी घर से निकले थे पर पता नहीं था कि ऐसा हो जाएगा। थाना प्रभारी सिकंदरा विद्यासागर ने बताया कि ट्रक नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *