शिवली थाना क्षेत्र के रायपुर विक्रमपुर गांव के मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में घटना के तीन दिन बाद पत्नी चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। थाने में तहरीर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के रायपुर विक्रमपुर गांव निवासी अनीता ने बताया कि उसके पति भीम उर्फ भीखम कमल 30 अगस्त को गांव के बाहर बंबे में घायल हालत में मिले थे। अस्पताल ले जाया गया था जहां उनकी मौत हो गई थी। 29 अगस्त की सुबह गांव निवासी चार लोग उसके पति को मैथा में काम करने के बहाने ले गए थे। आरोप है कि देररात करीब एक बजे उसके पति को घायल अवस्था में काली गाड़ी से लाकर घर में डाल गए थे। जहां होश आने पर उसके पति ने चारों लोगों के मारपीट करने की बात कही थी। उसने घरवालों की मदद से एंबुलेंस से लेकर जब सीएचसी शिवली पहुंची तो वहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चार लोगों ने ही पति की हत्या कर दी और अब मामला दबा रहे इसके लिए उसे धमकाया जा रहा है। शिवली कोतवाल आमोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तरफ से चार लोगों के खिलाफ पति की हत्या करने का आरोप लगा तहरीर दी गई है। जांच की जा रही है।
