कानपुर। यूपी के कानपुर के सटे बिल्हौर में कोतवाली क्षेत्र के इंदलापुर गांव में तीन सौ मीटर दूर शुक्रवार रात गैराज के बाहर चारपाई पर सो रहे किसान की धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई। सुबह चचेरे ने शव देख स्वजन को जानकारी दी। वारदात से बाद से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू की। स्वजन ने किसी प्रकार की दुश्मनी से इन्कार किया है।
बिल्हौर के बावनझाला के मजरा इंदलापुर गांव निवासी अखिलेश कटियार ने बताया कि छोटे भाई 46 वर्षीय प्रवीण चंद्र कटियार पुत्र प्रेमचंद्र कटियार खेतीवाड़ी करते थे। पांच साल पहले पत्नी बबीता की बीमारी से मौत हो गई थी। परिवार में आठ साल की पुत्री राशि व छह साल का पुत्र निष्कर्ष है। गांव से तीन सौ मीटर दूर सड़क किनारे उनका गैराज बना है जहां ट्रैक्टर खड़े होते हैं। दो वर्ष पूर्व एक ट्रैक्टर की बैटरी खुल जाने के कारण प्रवीण रोज रात को वहीं सोते थे। शुक्रवार की रात 10 बजे वह घर से खाना खाकर वहां सोने गए थे।
सुबह 6 बजे चचेरा भाई धर्मेंद्र नित्यक्रिया के लिए गैराज की ओर गया तो भाई को चारपाई पर लहूलुहान पड़ा देखकर घर में सूचना दी। चीखते हुए स्वजन व ग्रामीण पहुंचे। चारपाई पर मच्छरदानी लगी हुई थी जो सिर की ओर खुली थी। वहीं सिर व कलाई में धारदार हथियार से वार करने के निशान थे। किसान की मौत से स्वजन बेहाल हो गए। जानकारी पर इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्वजन व ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की। स्वजन ने गांव में किसी भी तरह के लड़ाई झगड़े व रंजिश से इन्कार किया है। इंस्पेक्टर अनूप कुमार निगम ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है स्वजन ने रंजिश से इन्कार किया है। मृतक के शराब पीने की जानकारी हुई है। हो सकता है नशे में किसी से विवाद हुआ हो। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
2021-09-04
