कानपुर, 13 जून भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की अभियान टोली एवं मॉनिटरिंग टीम की एक महत्वपूर्ण बैठक आज क्षेत्रीय कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की।
बैठक की शुरुआत में कल अहमदाबाद में इंडियन एयरलाइंस के विमान दुर्घटना में हुई दुखद घटना में मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस हादसे में सैकड़ों लोगों की दुखद मृत्यु हुई, साथ ही गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजय रुपाणी जी के निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया गया और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” के अभियान के अंतर्गत 14 और 15 जून को क्षेत्र के सभी 254 मंडलों में संकल्प सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
इन संकल्प सभाओं में प्रत्येक मंडल में दो वक्ता भेजे जाएंगे जो स्थानीय जनता को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए 11 प्रमुख संकल्प दिलवाएंगे। ये संकल्प निम्नलिखित विषयों पर आधारित होंगे:
लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाना।
स्वच्छ, सुंदर, समृद्ध एवं स्वस्थ भारत का निर्माण।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सुदृढ़ करना।
भारत की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध विरासत का सम्मान।
महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु पूर्ण समर्पण।
शिक्षा के प्रसार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना।
पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और ऊर्जा संरक्षण की दिशा में कार्य करना।
भ्रष्टाचार मुक्त, समतामूलक समाज की स्थापना में योगदान देना।
वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी विकास को प्रोत्साहन देना।
आत्मनिर्भर भारत के निर्माण हेतु जनभागीदारी सुनिश्चित करना।
सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम को बढ़ावा देना।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि इन संकल्प सभाओं में प्रदेश, क्षेत्र एवं जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं को मंडलों में भेजा जा रहा है, ताकि वे जनसंवाद के माध्यम से भाजपा सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं 11 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रख सकें।
भारतीय जनता पार्टी का यह अभियान केवल सरकार की उपलब्धियों का बखान नहीं, बल्कि आमजन को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने का एक जनांदोलन है।
