कानपुर देहात

 

प्रेमिका पर जानलेवा हमला, फिर खुद को मार ली गोली: कानपुर देहात में पुलिस को देखते ही हमलावर ने किया सुसाइड, युवती गंभीर

 

 

कानपुर देहात । शादीशुदा प्रेमी ने नाबालिग प्रेमिका पर जानलेवा हमला करने के बाद खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। युवक शनिवार दोपहर 1 बजे बाइक लेकर अपने घर कन्नौज से 100 किलोमीटर दूर प्रेमिका के घर पहुंचा।

 

 

आरोपी ने घर के बाहर गाली-गलौज शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची तो युवक आग बबूला हो गया। प्रेमिका को धमकाते हुए बोला- पुलिस बुलाती है और इसके बाद उसके गले पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। बचने के प्रयास में युवती के हाथ में और गले पर घाव हो गया।

 

पुलिस ने दौड़ाया तो युवक ने भागते-भागते खुद के कनपटी पर सटाकर गोली मार ली और नाले में गिर पड़ा। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार- युवती की दूसरी जगह शादी तय हो गई थी, इसी बात को लेकर विवाद था। युवती का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

*क्या था पूरा मामला*

 

कानपुर देहात के रनिया थाना सुंदरनगर मोहल्ला निवासी नाबालिग (17) का पिछले दो साल से कन्नौज के गुरसहायगंज निवासी युवक कुंदन (25) से प्रेम प्रसंग था। दोनों पिछले दो साल से संपर्क में थे। दोनों एक भजन-कीर्तन मंडली में काम करते थे।

 

*दो बार पहले भाग चुके*

 

एसपी अरविंद मिश्रा ने बताया- दोनों पहले दो बार साथ में भाग चुके हैं। पिछले साल पहली बार भागे थे। लड़की के परिजनों तहरीर दी। पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। 78 घंटे में दोनों को बरामद कर लिया गया था।

 

इसके बाद 6 महीने पहले फिर से दोनों घर से भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए कुंदन को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान नाबालिग को पता चला कि कुंदन पहले से शादीशुदा है। जिसके बाद नाबालिग उससे झगड़ा कर अपने घर वापस आ गई और कुंदन से बातचीत बंद कर दिया।

 

 

चापड़-तमंचा लेकर पहुंचा, बोला- लड़की मुझे सौंप दो

 

शनिवार को दोपहर 1 बजे कुंदन बाइक से नाबालिग के घर पहुंचा। पहले घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। लोगों ने रोकने की कोशिश की तो चापड़ निकालकर धमकाने लगा। नाबालिग बाहर आई तो दोनों की बहस होने लगी।

 

*पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस*

 

पड़ोसियों की सूचना पर दोपहर 1:20 बजे डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कुंदन ने चिल्लाकर नाबालिग से कहा- पुलिस बुलाती है। इसके बाद चापड़ से उसके गले पर जानलेवा वार किया। बचने के क्रम में युवती के हाथ पर चोट गई।

 

एसपी बोले- लड़के के परिजन कर रहे आने से इनकार

 

एसपी अरविंद मिश्रा ने बताया- लड़के के परिजनों को कॉल करके बुलाया गया है। पर परिजन आने से इनकार कर रहे हैं और कह रहे हैं हमारा उससे कोई संबंध नहीं। मामले में फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। आगे की कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *