परौंख में नोडल अधिकारी ने लगाई चौपाल

कानपुर देहात जिले की नोडल अधिकारी सचिव अवस्थापना उत्तर प्रदेश शासन ने राष्ट्रपति के पैतृक गांव परौंख में रविवार को विकास कार्यों की हकीकत जांची। यहां चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। लाभार्थी परक योजनाओं की जानकारी भी ली। दिव्यांगों को ट्राई साइकिल वितरित की।

परौंख गांव में रविवार की दोपहर में पहुंची जिले की नोडल अधिकारी नीना शर्मा ने यहां पेयजल योजना के तहत पानी की टंकी, बहुउद्देश्यीय भवन, बायो गैस प्लांट, आंगनबाड़ी केंद्र आदि का निरीक्षण किया। बायो गैस प्लांट की उन्होंने सराहना की। बताया कि यह वैकल्पिक साधन गांव के लोगों को आत्मनिर्भर बनाता है। बाद में उन्होंने चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं।

सहायता समूह की दुर्गा देवी ने बताया कि प्रेरणा ओजस के तहत बहुउद्देश्यीय भवन में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सोलर लैंप बनाने का प्रशिक्षण मिला है। महिलाओ में खुशी थी कि यह काम उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करेगा। एक सप्ताह में कुल 1082 लैंप असेंबल कराए गए। इस काम में लगी महिलाओं को 300 से 350 रुपये की आय हुई।

इसके बाद अब सोलर लैंप बनाने के लिए मिलने वाला रा मैटिरियल नहीं मिल रहा है। महिलाओं के पास काम नहीं है। नोडल अधिकारी नीना शर्मा ने सीडीओ सौम्या पांडेय को सोलर लैंप बनाने के लिए रा मैटीरियल उपलब्ध कराने वाली फर्म से वार्ता कर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। सेवानिवृत्त शिक्षक राजकिशोर सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में बुखार, खांसी की बीमारी फैली हुई हैं

गांव के अंदर घरों के पास घूरे के ढेर लगे हैं। मच्छरों की भरमार है। गांव में दो सफाई कर्मी तैनात हैं पर सफाई नहीं हो रही है और न अब तक मच्छरों को मारने के लिए दवा का छिड़काव किया गया है। ग्राम प्रधान विश्राम सिंह ने नोडल अधिकारी को बताया कि राष्ट्रपति के आगमन के समय करीब पचास लाख रुपये के 20 विकास कार्य कराए गए थे।
14 कार्यों का लगभग तीस लाख रुपये का भुगतान किया जा सका है। करीब 20 लाख रुपये का भुगतान शेष है। गांव पंचायत के खाते में पैसा नहीं है। पैसा आते ही विकास कार्यों को गति दी जाएगी। यहां नोडल अधिकारी ने दिव्यांग अमित कुमार व ज्योति देवी को ट्राई साइकिल वितरित की। इस दौरान सीडीओ सौम्या पांडेय, डीडीओ गोरखनाथ, डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह, एसडीएम ऋ षिकांत राजवंशी, सीएमओ डॉक्टर अरुण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
आयुष चिकित्सालय का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश
नोडल अधिकारी नीना शर्मा ने रविवार को दोपहर बाद अकबरपुर में बन रहे आयुष चिकित्सालय का निरीक्षण किया। सीडीओ ने बताया कि 50 बेड वाला चिकित्सालय 6.95 करोड़ से बन रहा है। वर्ष 2018 में काम शुरू हुआ था। 30 सितंबर 2021 तक काम पूरा होने की उम्मीद है। नोडल अधिकारी ने चिकित्सालय का काम जल्द पूरा कराने को कहा। उन्होंने कहा कि इसका लाभ जिले के लोगों को मिलेगा। यहां एसडीएम राजीव राज मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *