कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र में इनामी शातिर बदमाश शाहिद उर्फ पिच्चा को पुलिस और सर्विलांस टीम ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। अप्रैल 2025 से फरार शाहिद पर रंगदारी मांगने, हत्या, लूट, डकैती सहित 42 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि वह घर लौटा है। दबिश के दौरान वह भागा और डिप्टी का पड़ाव के पास पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
घायल शाहिद को गिरफ्तार कर उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, शाहिद के खिलाफ स्वरूप नगर, बिठूर, अनवरगंज, कल्याणपुर समेत नौ थानों में केस दर्ज हैं, जिनमें चार हत्या और छह हत्या के प्रयास के मामले शामिल हैं।
