कानपुर
कभी शहर के नक्शे से गायब हो चुकी नून नदी अब एक बार फिर अपने पुराने रूप में लौट रही है. इस नदी का पानी इस बार मानसून में बिठूर के गंगा तट तक पहुंचेगा. कई सालों से सूखी पड़ी इस नदी को फिर से जिंदा करने के लिए जिला प्रशासन और सरकार ने मिलकर बड़ा कदम उठाया है. इससे कानपुर के शिवराजपुर, कल्याणपुर, बिठूर और चौबेपुर की 34 ग्राम पंचायतों को सीधा लाभ मिलेगा।नून नदी को दोबारा जीवन देने के लिए मनरेगा योजना के तहत 1.59 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. सीडीओ दीक्षा जैन ने बताया कि नदी को पुनर्जीवित करने के लिए पहले ड्रोन और रिमोट सेंसिंग सर्वे कराया गया. इस सर्वे में पता चला कि नदी कई जगहों पर अतिक्रमण और जलकुंभी से भरी हुई थी. इसके बाद सैकड़ों श्रमिकों को लगाकर नदी की सफाई शुरू की गई. कई स्थानों पर नदी को 6 मीटर तक चौड़ा और 70 सेंटीमीटर गहरा किया गया. अभी तक 23 किलोमीटर क्षेत्र में काम पूरा हो चुका है और अब कई स्थानों पर नदी में पानी भी दिखाई देने लगा है.
