कानपुर
हेमराज यादव पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप, स्वामी मनोजानंद ने कार्रवाई की मांग करी
कानपुर नगर सोशल मीडिया पर एक कथावाचक द्वारा भगवान हनुमान और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति कथित आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग और अमर्यादित टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्वामी मनोजानंद जी महाराज (गोल्डन बाबा) ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कानपुर पुलिस कमिश्नरेट प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्वामी मनोजानंद के अनुसार प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रसूलपुर पोस्ट-भिंडिया, जनपद सीतापुर (उत्तर प्रदेश) निवासी कथावाचक हेमराज यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हेमराज यादव कथित तौर पर भगवान हनुमान जी के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर भी विवादित टिप्पणी की है, जिससे सनातन धर्म के अनुयायियों की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं।
स्वामी मनोजानंद जी महाराज ने आरोप लगाया कि कथावाचक हेमराज यादव की इन बातों से समाज में वैमनस्यता फैल रही है और यह हिन्दू समाज की आस्थाओं पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में आज एक ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि हेमराज यादव के विरुद्ध थाना रावतपुर, कानपुर नगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए और जेल भेजा जाए ताकि सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सके। इस प्रकरण को लेकर हिन्दू समाज में आक्रोश का माहौल है और मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा है।
