कानपुर
डॉक्टर्स डे पर हुआ रक्तदान और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन
आईएमए भवन परेड में जुटे डॉक्टर्स, मरीज और रक्तदाता
डॉक्टर्स डे के अवसर पर आज इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) द्वारा एक भव्य निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन आईएमए भवन, परेड में संपन्न हुआ जिसमें बड़ी संख्या में डॉक्टर्स, आमजन और स्वयंसेवी रक्तदाता शामिल हुए।
आईएमए की अध्यक्षा डॉ. नंदिनी रस्तोगी ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ज़रूरतमंद मरीजों के लिए जीवन रक्षक रक्त उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा, “रक्तदान महादान है, और मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म। डॉक्टर्स डे जैसे खास अवसर पर यह प्रयास समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।” शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की भी सुविधा दी गई, जिसमें लोगों के ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित अन्य सामान्य जांचें की गईं। इसके साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मौजूद मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया।
आईएमए द्वारा आयोजित इस शिविर को स्थानीय नागरिकों ने सराहा और कई लोगों ने पहली बार रक्तदान कर इस नेक पहल का हिस्सा बनने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि आगे भी ऐसे शिविर समय-समय पर लगाए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित और प्रोत्साहित भी किया गया।
