घाटमपुर में वैक्सीन लगवाकर लौटी बुजुर्ग महिला की हार्ट अटैक से मौत

कानपुर में पतारा ब्लाक के तेज कमलपुर गांव में सोमवार को इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल में बने कोविड वैक्सीनेशन शिविर से कोविशील्ड वैक्सीन की पहली डोज लगवाकर बहू राजकुमारी के साथ घर लौटीं गांव की 65 वर्षीय चंदावती बेहोश होकर गिर पड़ीं। उनकी बहू ने वैक्सीनेशन शिविर में जाकर मेडिकल टीम को बताया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतारा के अधीक्षक डा. नीरज सचान एंबुलेंस लेकर गांव पहुंचे और चंदावती को मृत घोषित कर दिया। गुस्साएग्रामीणों ने वैक्सीनेशन बंद करा दिया। सीएचसी अधीक्षक ने पुलिस बुला ली। स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सीएचसी पहुंच कर वैक्सीन रखने की व्यवस्था का जायजा लिया।

राजकुमारी ने बताया कि खाना खाकर ही दोनों वैक्सीन लगवाने के लिए गांव में लगे शिविर में गए थे। उनका कहना है कि उनकी सास को किसी प्रकार को कोई बीमारी नहीं थी। वैक्सीन लगवा कर लौटने के कुछ देर बाद ही वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। उधर, गांव के लोगों का आरोप है कि वैक्सीनेशन सेंटर में प्रोटोकाल का पालन नहीं किया जा रहा है। वैक्सीन लगाने के बाद लोगों को आधा घंटे तक निगरानी में नहीं रखा जाता। वैक्सीन लगाने के बाद बुजुर्ग महिला की मौत की खबर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एके कनौजिया पतारा सीएचसी पहुंच गए। उन्होंने घटना के संबंध में सीएचसी अधीक्षक से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हार्ट अटैक की आशंका है।

यह है नियम : वैक्सीन लगवाने के बाद प्रत्येक व्यक्ति को आधा घंटे तक डाक्टर की देखरेख में रखा जाना है। शिविर में लोगों को रोकने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। वैक्सीन लगाने के बाद बुखार की दवा पैरासिटामाल की दो टेबलेट दी जानी है। शिविर में किसी को भी दवा नहीं दी जा रही है।

इनका ये है कहना

प्रथम दृष्टया मौत की वजह दिल का दौरा पडऩा लग रहा है। हालांकि, परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। गांव में 147 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। सभी ठीक हैं, वैक्सीन की वजह से मौत की बात पूरी तरह से गलत है। – डा. नीरज सचान, अधीक्षक, पतारा सीएचसी।
वैक्सीनेशन के बाद घर लौटी बुजुर्ग महिला की मौत की सूचना मिली है। मौत हार्ट फेल होने से हुई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को वहां भेजा था। गांवों के स्कूलों में वैक्सीन लगवाई जा रही है, वहां सभी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। खुद ग्राम प्रधान व्यवस्थाएं करा रहे हैं। –

डा. नैपाल सिंह सीएमओ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *