*9 जुलाई को नून नदी किनारे रोपे जाएंगे 40 हज़ार पौधे*

 

*21 ग्राम पंचायतों में बसेंगे अटल वन*

 

नून नदी अब हरियाली की एक नई पहचान गढ़ने जा रही है। 9 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत इसके किनारे 40 हज़ार पौधों का रोपण किया जाएगा। शिवराजपुर ब्लॉक के सैलहा गांव में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण भाग लेंगे। यह अभियान केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि नदियों और प्रकृति से जुड़े मानवीय रिश्तों को फिर से जीवंत करने की कोशिश भी है।

 

मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने बताया कि इसी दिन जनपद की 21 ग्राम पंचायतों में अटल वन की स्थापना की जाएगी। ये अटल वन जिले के 10 ब्लॉकों में विकसित होंगे।अटल वन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के प्रतीक रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रत्येक अटल वन में छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का मिश्रित रोपण होगा, जहां ग्रामीणों को सुकून, बच्चों को प्रकृति से जुड़ाव और गांव को हरियाली का एक स्थायी उपहार मिलेगा।

 

उन्होंने बताया कि भीतरगांव ब्लॉक में छतेरुआ और मेहरौली, बिल्हौर में नानामऊ और निवादा उधौ, चौबेपुर में त्रिलोकपुर और पचोर, ककवन में रहीमपुर विषधन और बछना, सरसौल में फुफवार, सुईथोंक, करबिगा साढ़ और बड़ागांव, शिवराजपुर में सैलहा और बैरी, बिधनू में जमरेही और खेरजा, पतारा में पडरीलालपुर और बरौली, घाटमपुर में कटरा और शाखा जनवरा, तथा कल्याणपुर में सोना और रामपुर भीमसेन ग्राम पंचायतों में अटल वन लगाए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली की स्थायी व्यवस्था तैयार करना है। जनसहभागिता से ही यह हरियाली टिकेगी और बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *