#कानपुर नगर
*कानपुर CMO डॉ. हरिदत्त नेमी पर शिकंजा कसता जा रहा, जांच के बीच प्रमुख सचिव कार्यालय से जारी पत्र बना चर्चा का विषय*
कानपुर, 10 जुलाई 2025:
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. हरिदत्त नेमी के खिलाफ शासन ने कार्रवाई का चाबुक चला दिया है। बुधवार को शासन ने डॉ. नेमी के खिलाफ औपचारिक जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके बाद गुरुवार सुबह कानपुर के सीएमओ डॉ. उदयनाथ की ओर से स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम एक सख्त आदेश पत्र जारी किया गया।
इस पत्र में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि जब तक डॉ. हरिदत्त नेमी के खिलाफ चल रही जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक कोई भी अधिकारी, कर्मचारी, क्लर्क, ड्राइवर या चपरासी उनसे संबंधित किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं कराएगा। उनके किसी भी आदेश का पालन नहीं किया जाएगा और न ही उनसे किसी प्रकार की चिट्ठी-पत्री का आदान-प्रदान किया जाएगा। इतना ही नहीं, कोई भी कर्मचारी डॉ. नेमी से अवकाश की स्वीकृति भी नहीं लेगा।
प्रमुख सचिव और सीएमओ कार्यालय से जारी पत्रों में यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर कोई कर्मचारी इस आदेश की अवहेलना करता है, तो उसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होगा और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि शासन स्तर से जारी जांच आदेश में डॉ. हरिदत्त नेमी पर नियुक्तियों और स्वास्थ्य मिशन के तहत चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं का गंभीर आरोप लगाए गए थे जिसके चलते उनका स्थानांतरण कर दिया गया था परंतु हाई कोर्ट से अपने स्थानांतरण के खिलाफ स्थगनादेश ला कर डॉ हरि दत्त ने ने कल वापस अपनी कुर्सी पर कब्जा कर लिया था । शासन ने इसे सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए डॉ. नेमी को तात्कालिक प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है और जांच पूरी होने तक किसी भी सरकारी कार्य से उन्हें विरत रखने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. नेमी की जांच का कार्यभार निदेशक स्तर के वरिष्ठ अधिकारी को सौंपा गया है, जिन्हें एक माह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।
कुल मिलाकर, डॉ. हरिदत्त नेमी पर शिकंजा कसता जा रहा है और अब यह देखना होगा कि शासन की इस जांच में क्या निष्कर्ष निकलता है।
