कानपुर; दिनांक- 13.07.2025
*कानपुर मेट्रो ने बिछड़े मासूम को उसके परिजनों से मिलाया*
*मेट्रो स्टाफ की सतर्कता और समन्वय से 5 वर्षीय बच्चा पहुंचा माता-पिता की गोद में*
कानपुर मेट्रो स्टाफ ने एक बार फिर अपनी जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक मासूम बच्चे को उसके परिजनों से मिलाकर यात्री सेवा की मिसाल पेश की है। शनिवार, 12 जुलाई 2025 की शाम लगभग 6ः30 बजे नयागंज स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर स्थित एएफसी एग्जिट गेट के पास एक लगभग 5 वर्षीय बालक यश अकेला पाया गया।
स्टेशन पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे की जानकारी स्टेशन कंट्रोलर को दी। बच्चा एलएलआर हॉस्पिटल से मोती झील स्टेशन तक की टिकट लेकर मेट्रो में अकेले यात्रा कर रहा था और गलती से भटककर नयागंज स्टेशन पहुंच गया था। स्टेशन कंट्रोलर चंद्रशेखर और स्टाफ ने बच्चे से उसके घर और परिजनों की जानकारी ली। बच्चे ने बताया कि एलएलआर हॉस्पिटल स्टेशन के निकट उसके पिता की दुकान है। कंट्रोलर ने तुरंत इसकी सूचना एलएलआर स्टेशन पर दी जहां से मेट्रो स्टाफ ने बच्चे के बताए पते पर पहुंचकर घटना के बारे में सूचित किया। तमाम जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने और यश की पहचान और सत्यापन के बाद लगभग रात 8ः55 बजे उसे उसके पिता श्री नवल किशोर के सुपुर्द कर दिया गया। यह कार्यवाही यूपीएसएसएफ के सुरक्षाकर्मी श्री देवनाथ यादव की उपस्थिति में पूरी की गई।
कानपुर मेट्रो के सतर्क और संवेदनशील स्टाफ की तत्परता से यह सुनिश्चित हुआ कि मासूम यश सुरक्षित रूप से अपने परिजनों तक पहुंच सके।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक, श्री सुशील कुमार ने कहा, “यूपीएमआरसी में सेवा भाव और ईमानदारी को कर्मचारियों की प्रशिक्षण प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। कानपुर मेट्रो स्टाफ यात्रियों की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। यात्रियों की संतुष्टि और विश्वास ही हमारी असली उपलब्धि है।
