घरेलू कामगार महिलाओं के अधिकारों पर सखी केंद्र द्वारा जागरूकता सेमिनार का आयोजन

 

कानपुर, 16 जुलाई 2025:

आज दीपचंद पार्क, विष्णुपुरी बारातशाला में सखी केंद्र और सखी घरेलू कामगार के संयुक्त तत्वाधान में घरेलू कामगार महिलाओं के हक व अधिकारों को लेकर एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभावती द्वारा किया गया तथा संचालन माया सिंह ने किया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत संगठन गीत “जागो-जागो” से हुई, जिसे प्राची त्रिपाठी जी ने प्रस्तुत किया। सभी महिलाओं ने गीत को बड़े उत्साह से गाया। इसके बाद प्राची त्रिपाठी ने महिलाओं के अधिकारों पर बात करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की मानसिक या शारीरिक हिंसा को सहना नहीं चाहिए और उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

 

सखी केंद्र की महामंत्री नीलम चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि हर महिला का जीवन महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि घरेलू कामगार महिलाएं अपने काम की पूरी मजदूरी लें और अगर कोई पूरा वेतन नहीं देता है तो श्रम विभाग में शिकायत करें।

 

सखी केंद्र से माया सिंह ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं जैसे शिक्षा का अधिकार, पारिवारिक लाभ, अभ्युदय योजना और लेबर कार्ड से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।

 

काउंसलर पुष्पा तिवारी ने महिलाओं से अपील की कि यदि परिवार, रिश्तेदारी या मोहल्ले में किसी भी प्रकार की हिंसा हो तो वे चुप न रहें और आवाज उठाएं। उन्होंने बताया कि सखी केंद्र महिलाओं को निशुल्क सहायता प्रदान करता है।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग से आईं शैल जी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी और बताया कि किस उम्र की बेटियों को इसका लाभ मिल सकता है तथा इसके लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं।

 

कार्यक्रम में माया कुरील जी ने सभी महिलाओं को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी।

 

कार्यक्रम में मुख्य रूप से माया सिंह, माया कुरील, पुष्पा तिवारी, अनुपम जी, शालू, चंदन, सरस्वती, सोनी और शशि उपस्थित रहीं।

 

यह कार्यक्रम महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *