कानपुर, दिनांक: 20.07.2025
*कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन पर म्यूज़िक बैंड की शानदार प्रस्तुति, यात्रियों ने की सराहना*

कानपुर मेट्रो द्वारा रविवार शाम कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन पर आईसीसी ग्रुप के साथ एक संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपनी मधुर धुनों और फिल्मी गीतों से यात्रियों का मन मोह लिया। शाम 5 बजे शुरू हुए इस आयोजन में यात्रियों ने न सिर्फ संगीत का आनंद लिया, बल्कि मंच पर आकर खुद भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत गायिका अर्चना सिंह की सुरमयी प्रस्तुति से हुई। उन्होंने ‘एक प्यार का नगमा है’, ‘आकर तेरी बाहों में हर शाम लगे सिंदूरी’ ‘तू जो नहीं है, ‘प्यार हुआ चुपके से’ आदि गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद गायक ललित कश्यप ने ‘आने वाला पल जाने वाला है’, ‘मेरे सामने वाली खिड़की में’, ‘कहना है आज पहली बार’, जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। गायक संदीप वर्मा ने ‘हाल ए दिल’, ‘तू ही मेरी शब है’ ‘बोल दे ना जरा’ आदि गीत एक के बाद एक प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।

इस आयोजन को खास बनाने वाला पहलू यह भी रहा कि यात्रियों ने भी मंच पर आकर गीतों की प्रस्तुति दी। आईसीसी ग्रुप की तरफ से राखी गुप्ता और राजा चौधरी ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

यह कार्यक्रम कानपुर मेट्रो की ‘शो योर टैलेंट’ पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस पहल के तहत मेट्रो स्टेशन पर सोलो/ग्रुप गायन, बैंड प्रस्तुति, स्केचिंग, नुक्कड़ नाटक आदि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

जो भी कलाकार इस मंच का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे अपने नाम और मोबाइल नंबर के साथ kanpurmetropr@upmrcl.co.in पर संपर्क कर सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *