बी0एन0एस0डी शिक्षा निकेतन में आज हरियाली तीज के अवसर पर उत्सव का आयोजन किया
छात्राओं व शिक्षिकाओं ने गीत संगीत कला, चित्रकला, मेंहदी लगाने की कला, नृत्य कला से कार्यक्रम को धूमधाम से मनाया
26 जुलाई 2025 के दिन आज बी0एन0एस0डी0 शिक्षा निकेतन इण्टर कॉलेज बेनाझाबर में हरियाली तीज उत्सव का आयोजन किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि माननीया डॉ0 पूनम द्विवेदी जी (विभाग सम्पर्क प्रमुख) ने हरियाली तीज के महत्व को बताते हुए कहा कि अपने देश में अनेकानेक पर्व मनाए जाते हैं, उन सबका अपना-अपना विशिष्ट महत्व है। इसी कड़ी में श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरियाली तीज के रूप में मनाया जाता है। यह हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। हम सभी यह प्रण लें कि तीज के पर्व की इस परंपरा को हम अक्षुण्ण बनाए रखें, हम प्रकृति के बीच में रहते है, प्रकृति का हमारे जीवन पर सीधा प्रभाव पड़ता है। प्रकृति को देखकर मन प्रसन्न होता है। उत्सव का गीत संगीत कला, चित्रकला, मेंहदी लगाने की कला, नृत्य कला से सीधा सम्बन्ध है। महिलाओं को किसी न किसी कला से अवश्य जुड़ना चाहिए, कलायें व्यक्तित्व का विकास करती हैं।
मुख्य अतिथि का स्वागत एवं परिचय विद्यालय की उपप्रधानाचार्या एवं कार्यक्रम संयोजिका मंजूबाला श्रीवास्तव ने कराया। शिक्षिका श्वेता द्विवेदी ने संचालन किया, शिक्षिका अन्तिमा सिंह ने आभार प्रदर्शन किया। ललित कला एकेडमी की प्रधानाचार्या कविता सिंह के निर्देशन में श्वेता, अभिव्यंजना, सलमा, स्नेहा, हिमांशु, आदि ने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति की। कक्षा अष्टम की छात्राओं ने नृत्य एवं समस्त आचार्या बहनों ने लोकगीत प्रस्तुत किया। अनेकानेक गीतों से सभागार आनन्द से परिपूर्ण हो गया। छात्राओं ने झूला झूल कर आनन्द लिया तथा मेंहदी लगाने का कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं, अभिभाविकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रही।
