अपनी विरासत से रूबरू होंगे परिषदीय विद्यालयों के छात्र: डीएम

शैक्षणिक भ्रमण के ज़रिए बच्चों को कराया जाएगा ऐतिहासिक स्थलों का दर्शन

कानपुर नगर, 1 अगस्त

जनपद के परिषदीय विद्यालयों के छात्र अब अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से सीधे जुड़ेंगे। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि कानपुर नगर सांस्कृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध जिला है, जिसे भारत के प्राचीनतम नगरों में गिना जा सकता है। यहां मौजूद मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों से नई पीढ़ी को जोड़ने के लिए परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को शैक्षणिक टूर पर ले जाया जाएगा।

जिलाधिकारी आज भीतरगांव ब्लॉक में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित दो प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों के निरीक्षण पर थे। सबसे पहले वह बेहटा बुजुर्ग गांव में स्थित प्राचीन श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर की भव्यता और उसकी ऐतिहासिक महत्ता के विषय मे जिलाधिकारी ने जानकारी प्राप्त की। मंदिर के गर्भगृह के शिखर पर लगा मानसूनी पत्थर भी उनके आकर्षण का केंद्र रहा। कहा जाता है कि इस पत्थर से टपकने वाली बूंदों के आधार पर बारिश का पूर्वानुमान लगाया जाता है। मंदिर के पुजारी ने मंदिर के इतिहास और परंपरा की जानकारी दी।

इसके पश्चात डीएम ने भीतरगांव कस्बे में स्थित प्राचीन गुप्तकालीन मंदिर देखने पहुंचे। जिलाधिकारी ने बताया कि ये स्थल गुप्तकाल की अमूल्य धरोहर हैं, जिनकी निर्माण शैली, विशेषकर टेराकोटा मूर्तिकला और ईंटों का शिल्प, आज भी 1600 वर्षों के उपरांत सुरक्षित और प्रभावशाली रूप में विद्यमान है। यह न केवल जनपद कानपुर की ऐतिहासिक गहराई को दर्शाता है, बल्कि यह सिद्ध करता है कि यह क्षेत्र प्राचीन काल से ही एक समृद्ध सांस्कृतिक केंद्र रहा है और यह केवल औद्योगिक पहचान तक सीमित नहीं है।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि भीतरगांव क्षेत्र ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध है और इसे पर्यटन मानचित्र पर लाने की दिशा में प्रयास तेज किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि यहां की विरासत को जनमानस से जोड़ने और बच्चों को इसका सजीव परिचय देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर हर संभव कदम उठाया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *