US टैरिफ का यूपी के कारोबारियों ने निकाला तोड़, करेंगे व्यापार और कमाएंगे बंपर मुनाफा
कानपुर: अमेरिका लंबे समय से यूपी के निर्यातकों का बड़ा कारोबार का केंद्र रहा है, लेकिन अब हालात बदल गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ बढ़ा दिया है. इस फैसले से अचानक ही यूपी के निर्यातकों के करोड़ों रुपये के आर्डर अटक गए. अब उन्होंने नया रास्ता खोज लिया है. निर्यातकों ने अमेरिका के बजाय यूरोपीय देशों का रुख कर लिया है. इनमें लताविया, ऑस्ट्रिया, ग्रीस, नार्वे, नीदरलैंड, पोलैंड जैसे देश शामिल हैं. इन देशों के कारोबारियों से सीधे संवाद करने और बायर-सेलर मीटिंग करने की तैयारी चल रही है.निर्यातकों का कहना है कि वह अब डॉलर के पीछे नहीं भागेंगे. यूरोप के साथ व्यापार कर वे यूरो में कमाई करेंगे. इस कदम से उन्हें फायदा भी ज्यादा होगा.अभी तक जब वे अमेरिका में 100 डॉलर का कारोबार करते थे, तो भारतीय रुपये में उन्हें करीब 8700 रुपये मिलते थे. वहीं अगर यूरो में 100 का कारोबार करेंगे तो उन्हें लगभग 10,200 रुपये तक मिल सकते हैं. यानी सीधे तौर पर उनकी कमाई पहले से ज्यादा होगी. विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा समय में यूरो अपनी ऊंचाई पर है और इस कारण निर्यातकों की आय और भी बेहतर होगी.फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (फियो) के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि अमेरिका भले ही एक बड़ा बाजार है, लेकिन यूरोप भी दुनिया के कारोबार में दूसरे नंबर पर आता है. ऐसे में यूपी के निर्यातकों के लिए यह बहुत बड़ा मौका है. उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों में कारोबार बढ़ाने से न केवल नए बाजार खुलेंगे, बल्कि यूपी के उद्योगों को ज्यादा स्थिरता भी मिलेगी.
