कानपुर
शहर का सेंट्रल स्टेशन अब एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा. इसमें करीब 2 साल लगेंगे. यहां यात्रियों के लिए सभी तरह की सुविधाएं होंगी. यात्रियों को स्टेशन में मॉल, होटल समेत शानदार वेटिंग रूम की सुविधा भी मिलेगी. इसके अलावा पार्किंग का भी खास इंतजाम होगा. 91 हजार वर्गमीटर की जगह में 3 ऐसी इमारतें बनेंगी जो यात्रियों को दूर से ही दिखेंगी. इसके साथ ही बहुमंजिला इमारत में यात्रियों के लिए आफिस, रेस्टोरेंट, होटल व मॉल की सुविधाएं होगीं. इसके लिए 655 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है. मार्च 2027 तक यह बिल्डिंग बनकर पूरी तरह से तैयार हो जाएंगीं. कानपुर सेंट्रल स्टेशन का नजारा बिल्कुल बदल जाएगा. एयरपोर्ट की तरह कानपुर सेंट्रल स्टेशन के यात्रियों को यहां की सुविधाएं मिलेंगी.भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर पहुंचकर अफसरों के साथ हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया. सिटी साइड बन रहे बहुमंजिला भवन का निरीक्षण करने के बाद अफसरों से आगे की योजनाओं पर बात की. निरीक्षण के समय प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बन रहे नवनिर्मित भवन का मॉडल भी देखा. निरीक्षण के दौरान अनूप अवस्थी, रघुनंदन भदौरिया, सुमित तिवारी, प्रस्तावना तिवारी, गौरव पांडेय, रमाशंकर अग्रहरि आदि उपस्थित रहे. इस दौरान वहां मौजूद डिप्टी सीटीएम रेलवे आशुतोष सिंह ने कहा कि अब जो स्टेशन बनेगा, उससे यहां आने वाले सभी यात्रियों को एक स्थान पर कई सुविधाएं मुहैया मिलेंगी. पार्किंग से लेकर वेटिंग रूम व मॉल्स में वह अपना समय बिता सकेंगे.शहर के सबसे बड़े और सबसे अधिक प्लेटफॉर्म वाले कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रोजाना लाखों की संख्या में यात्री आते-जाते हैं. यहां से डेली अच्छी संख्या में दिल्ली के लिए ट्रेनें संचालित हैं. वहीं, मुंबई, भोपाल, बेंगलुरु, बिहार समेत अन्य राज्यों के लिए भी ट्रेनों की आवाजाही रहती है.
