कानपुर
गणेश महोत्सव को लेकर नगर निगम की विशेष तैयारियां, 9 स्थलों पर होगा विसर्जन
कानपुर गणेश महोत्सव को लेकर कानपुर नगर निगम ने विसर्जन की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष शहर में 9 स्थानों को गणेश मूर्ति विसर्जन के लिए चिन्हित किया गया है। इन सभी स्थलों पर साफ-सफाई, लाइटिंग और पानी की विशेष व्यवस्था की गई है।
नगर निगम ने इन स्थलों पर बड़े-बड़े गड्ढे खोदकर उनमें प्लास्टिक की तरपाल बिछाई है और उसमें जल भरकर तालाब बनाए गए हैं, ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए मूर्तियों का विसर्जन किया जा सके। साथ ही, यह स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्थिति में गंगा नदी में मूर्तियों का विसर्जन नहीं किया जाएगा।
गंगा बैराज (कल्लूपुरवा घाट) पर भी प्रशासन ने सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इस घाट पर न केवल कानपुर बल्कि उन्नाव से भी भारी संख्या में श्रद्धालु विसर्जन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम द्वारा विशेष रूप से 18 कश्यप समाज के सदस्यों की एक टीम तैनात की गई है, जो विसर्जन के दौरान लोगों की मदद और सुरक्षा का जिम्मा संभालेगी।
इसी प्रकार अन्य विसर्जन स्थलों पर भी नगर निगम ने अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें गठित की हैं, जो विसर्जन कार्य को सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित करेंगी।
