*कानपुर नगर निगम अपडेट*
*दिनांक : 01 सितम्बर, 2025*
आज दिनांक 01.09.2025 को *नगर आयुक्त श्री सुधीर कुमार द्वारा प्रातःकाल से हो रही वर्षा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।* इस क्रम में कल्याणपुर क्षेत्रान्तर्गत *गोवा गार्डन में जलभराव की समस्या को दृष्टिगत करते हुए नगर आयुक्त महोदय स्वयं मौके पर उपस्थित हुए एवं स्थिति का जायजा लिया।*
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त महोदय द्वारा क्षेत्रीय अधिकारियों को उच्च क्षमता वाले पम्पों की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु *निर्देशित किया गया, जिससे वर्षा उपरान्त शीघ्रता से जल निकासी की जा सके और आमजन को राहत प्रदान हो।* मुख्य अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि *भारी वर्षा के उपरान्त भी निर्धारित व्यवस्थाओं के माध्यम से लगभग 30 मिनट के भीतर पानी की निकासी कर दी जाती है।* नगर आयुक्त महोदय ने इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों को तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, नगर आयुक्त महोदय द्वारा जनरल स्वच्छता अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सम्पूर्ण क्षेत्र में व्यापक स्तर पर नालियों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई कराई जाए, जिससे वर्षा का पानी अवरोध रहित रूप से प्रवाहित हो सके। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल सुरक्षात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए बैरिकेड्स लगाए गए तथा नागरिकों के आवागमन को कुछ समय के लिए रोककर सुरक्षा सुनिश्चित की गई। साथ ही उत्तरदायी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मौके पर लगे हुए पंप एवं मोटरों को निरन्तर क्रियाशील स्थिति में रखा जाए, ताकि शीघ्रता से जल निकासी हो और आवागमन सुचारू रूप से पुनः प्रारम्भ हो सके।
*आज की लगातार हो रही वर्षा के दौरान नगर आयुक्त महोदय ने क्विक रिस्पांस टीम को भी उन सभी स्थलों पर तैनात किया, जहाँ जलभराव की संभावना रहती है। इन टीमों ने अपने पूरे दलबल के साथ सक्रियता दिखाते हुए समयबद्ध ढंग से जल निकासी सुनिश्चित कराई।* इस दौरान नगर निगम ने अपनी संकल्पबद्ध कार्यप्रणाली एवं जनमानस के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
*कानपुर नगर निगम नागरिकों को यह आश्वस्त करता है कि वर्षा के दौरान उत्पन्न होने वाली जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए नगर निगम की समस्त कार्यवाहियां निरन्तर प्रगति पर हैं।*
*नगर आयुक्त शिविर कार्यालय*
