*उर्वरक बिक्री केन्द्रों पर आकस्मिक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्यवाही के निर्देश*

 

*कानपुर नगर, दिनांक 01 सितम्बर, 2025*

 

संयुक्त कृषि निदेशक, कानपुर मण्डल श्री श्रीदेव शर्मा द्वारा जिला कृषि अधिकारी, कानपुर नगर श्री अमर सिंह के साथ तहसील बिल्हौर क्षेत्र के विभिन्न उर्वरक बिक्री केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

 

एम० पैक्स अरौल के निरीक्षण के दौरान केन्द्र प्रभारी द्वारा उर्वरक स्टॉक रजिस्टर न बनाये जाने पर जिला कृषि अधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस निर्गत किया गया। इसी प्रकार मे० पी०सी०एफ० कृषक सेवा केन्द्र अरौल में प्रभारी द्वारा स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर को सक्षम प्राधिकारी से सत्यापित न कराने पर भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये।

 

इसके अतिरिक्त उप जिलाधिकारी, कानपुर सदर श्री अनुभव सिंह द्वारा उप कृषि निदेशक, कानपुर नगर के साथ मे० पी०सी०एफ० बफर पनकी एवं एम० पैक्स भैलामऊ का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाया गया कि जिला प्रबन्धक, पी०सी०एफ० द्वारा बिक्री केन्द्रों से आर०टी०जी०एस० के माध्यम से धनराशि प्राप्त होने के बावजूद उर्वरक कई दिनों तक विलम्ब से प्रेषित किये जा रहे हैं। इस पर उप जिलाधिकारी, सदर ने गहरी असन्तोष व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश उप कृषि निदेशक को दिये।

 

सहकारी समिति भैलामऊ के निरीक्षण में यह पाया गया कि केन्द्र प्रभारी श्री सुरेन्द्र बाबू के पास यूरिया एवं डी०ए०पी० का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद कृषकों को उर्वरक वितरण नहीं किया जा रहा था। साथ ही, समिति के दरवाजे पर केवल दिनांक 02 सितम्बर, 2025 के लिए चाक/खड़िया से वितरण का नोटिस लिखा गया था तथा स्टॉक रेट बोर्ड पर कोई विवरण अंकित नहीं था। इस पर उप जिलाधिकारी द्वारा गहरी नाराजगी व्यक्त की गयी एवं केन्द्र प्रभारी को तत्काल प्रभाव से आज ही से उर्वरक वितरण प्रारम्भ कराने के निर्देश दिये गये।

———-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *