कानपुर कमिश्नरेट के आनंदबाग में निर्माणाधीन मकान के छज्जे की स्लैब गिरने से नाबालिग मजदूर की मौत हो गई। वहीं दो मजदूर घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि किशोर को ठेकेदार गणेश महोत्सव से जबरन ले गया था। इसके बाद उससे मकान तुड़वाने का काम करवा रहा था, जिसके बाद यह हादसा हो गया। बेटे की मौत की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया।
शारदा नगर कच्ची बस्ती निवासी रामू पासवान ने बताया कि परिवार में पत्नी फूलमती व तीन बेटे राजकुमार, आशू (17) व आदित्य हैं। पड़ोसी पंकज ने बताया कि गुरुदेव पैलेस कच्ची बस्ती के पास गणेश महोत्सव का आयोजन हो रहा है। जिसमें आज सुबह आशू शामिल था। इस दौरान ठेकेदार मो. लियास उसे जबरन काम कराने के लिए आनंदबाग स्थित साइट पर ले गया था।
परिजनों ने बताया कि आशू को जबरन लियास ने छज्जे की स्लैब तोड़ने के लिए भेज दिया।
जिसके मलबे में दबकर आशू, छोटू व सागर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ठेकेदार मौके से भाग गया। इलाकाई लोगों ने मामले की जानकारी चमनगंज पुलिस को देकर मलबा हटवाया और तीनों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आशू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
