भारतीय जनता पार्टी का “सेवा पखवाड़ा” 17 सितंबर, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन से प्रारंभ होकर 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जी की जयंती तक आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने आज कानपुर स्थित भाजपा क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, गरीब एवं जरूरतमंदों की सेवा जैसे विविध कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक सेवा और समर्पण का संदेश पहुंचाएंगे।
चौधरी भूपेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि भाजपा का जिला संगठन का गठन प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव संपन्न होने के उपरांत किया जाएगा। तब तक पार्टी के सभी अभियान और कार्यक्रम पुरानी टीम के माध्यम से ही सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही ऐसा लोकतांत्रिक दल है, जिसमें संगठन चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ होती है। अन्य राजनीतिक दलों को भाजपा से लोकतंत्र की सच्ची भावना सीखनी चाहिए।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयान—कि “चुनाव आयोग भाजपा से मिला हुआ है”—का जवाब देते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियां लगातार संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा पर हमला कर देश और प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास करती हैं। इन्हें कभी भी संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास नहीं रहा। जबकि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से अपना कार्य कर रहा है। इस प्रकार के गैर-जिम्मेदाराना बयान प्रदेश को अराजकता की ओर धकेलने की कोशिश है, जिसे जनता भलीभांति देख रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन विस्तार और जनसेवा में निरंतर जुटा है। सेवा पखवाड़ा हो या संगठनात्मक अभियान, भाजपा कार्यकर्ता सेवा भाव और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करते हैं।
प्रेस वार्ता में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल तथा भाजपा क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी भी उपस्थित रहे।
