**कानपुर लॉयर्स एसोसिएशन चुनाव में अध्यक्ष पद फिर विवादों में*
*
*डिप्टी रजिस्ट्रार का बड़ा आदेश, अध्यक्ष की जगह वरिष्ठ उपाध्यक्ष संभालेंगे कार्यभार*
कानपुर। द लॉयर्स एसोसिएशन, कानपुर नगर के हालिया चुनाव पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए राकेश श्रीनाथ की शक्तियों पर डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, कानपुर मंडल ने रोक लगा दी है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अगली सुनवाई तक संस्था का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष करेंगे।
आपत्ति के बावजूद कराया शपथ ग्रहण
चुनाव परिणाम 21 अगस्त को घोषित किए गए थे। अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी राकेश सचान ने हार के बाद मतपत्रों की पुनर्गणना (रिकाउंटिंग) की मांग की थी। इस पर सुनवाई न करते हुए एल्डर कमेटी ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र भी बांट दिए और तत्काल शपथ ग्रहण करा दिया। आपत्ति लंबित होने के बावजूद की गई इस जल्दबाजी ने पूरे चुनाव की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मतपत्र जलाने पर बढ़ा विवाद
विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। एल्डर कमेटी ने मतदान में इस्तेमाल हुए मतपत्रों को जला दिया। समिति का कहना था कि मतदान समाप्त हो गया था, इसलिए मतपत्र जलाना आवश्यक था। जबकि विरोधी पक्ष का आरोप है कि करीब 45 वोट अवैध घोषित किए गए थे और पुनर्गणना की मांग के बावजूद मतपत्रों को नष्ट करना संदिग्ध है।
अब एसडीएम करेंगे सुनवाई
पूरा मामला अब कानूनी दांवपेंच में फंस गया है। डिप्टी रजिस्ट्रार ने आदेश की प्रति एसडीएम सदर को भेजते हुए सुनवाई तय करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले हारने वाले प्रत्याशी राकेश सचान इस विवाद को लेकर हाईकोर्ट भी पहुंच चुके हैं।
