नेपाल में फंसे कानपुर के दो किशोरों की सुरक्षित वापसी के लिए विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र

 

कानपुर, 11 सितम्बर 2025:

नेपाल के पोखरा शहर में फंसे कानपुर के दो किशोरों की सुरक्षा और सकुशल वापसी को लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा के लोकप्रिय विधायक श्री सुरेन्द्र मैथानी ने भारत सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

 

विधायक ने इस विषय में भारत के विदेश मंत्री मा. डॉ. एस. जयशंकर जी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि नेपाल में मौजूद इन दोनों किशोरों — अमनदीप सिंह एवं सौरभ गुप्ता, को भारत, विशेषकर उनके गृह नगर कानपुर जल्द से जल्द और सुरक्षित रूप से वापस लाया जाए।

 

श्री मैथानी ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के माध्यम से प्राप्त हुई। वीडियो देखकर तत्काल उन्होंने दोनों किशोरों से संपर्क साधा, जिससे पता चला कि वे वर्तमान में नेपाल के पोखरा शहर में एक होटल में ठहरे हुए हैं और मानसिक रूप से बेहद दयनीय एवं दहशतपूर्ण स्थिति में हैं। सुरक्षा कारणों से होटल का नाम गोपनीय रखा गया है।

 

उन्होंने बताया कि दोनों किशोर विदेश में स्वयं को असहाय महसूस कर रहे हैं और उन्हें तत्काल मानवीय सहायता एवं भारतीय दूतावास के संरक्षण की आवश्यकता है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो उनकी सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है।

 

श्री मैथानी जी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि—

 

“मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में, विदेश मंत्रालय के माध्यम से पूर्व में भी आपात स्थितियों में कानपुर के नागरिकों की सकुशल वापसी में मुझे सफलता प्राप्त हुई है। इसी अनुभव के आधार पर मुझे पूर्ण विश्वास है कि विदेश मंत्रालय इस बार भी त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।”

 

विधायक ने यह भी बताया कि उन्होंने दोनों किशोरों को भारत सरकार और विदेश मंत्रालय पर भरोसा रखने का भरोसा दिलाया है और अभी भी लगातार उनके संपर्क में बने हुए हैं, ताकि उनका मनोबल बना रहे।

गोविन्द नगर विधानसभा कार्यालय प्रभारी- विपिन दुबे

11-09-2025

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *